Logo

'सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बीच जावेद अख्तर का बड़ा बयान – मुझे नर्क जाना मंजूर है!

मुंबई में एक बुक लॉन्च इवेंट के दौरान जावेद अख्तर ने कहा कि अगर उन्हें पाकिस्तान और जहन्नम में से चुनना पड़े तो वे नर्क जाना पसंद करेंगे. उन्होंने बताया कि उन्हें दोनों तरफ से गालियां मिलती हैं- एक तरफ उन्हें 'काफिर' कहा जाता है तो दूसरी तरफ 'जिहादी'.

👤 Samachaar Desk 18 May 2025 09:26 AM

Javed Akhtar Controversial Statement : मुंबई में आयोजित एक बुक लॉन्च इवेंट के दौरान फेमस गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने एक बेहद तीखा और विवादित बयान दिया।. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पाकिस्तान और जहन्नम (नर्क) में से किसी एक को चुनना पड़े, तो वे बिना झिझक नर्क को चुनेंगे. उनके इस बयान ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को चौंका दिया, लेकिन ये उनकी बेबाकी का एक और उदाहरण था.

जावेद अख्तर ने कहा कि वे हमेशा निष्पक्ष विचार रखने की कोशिश करते हैं, लेकिन इसका नतीजा ये होता है कि उन्हें हर पक्ष से आलोचना झेलनी पड़ती है. उन्होंने कहा, 'अगर आप एक ही तरफ की बात करेंगे तो कुछ लोग नाराज होंगे, लेकिन जब आप हर तरफ की बात करते हैं तो बहुत सारे लोग नाखुश हो जाते हैं.'

उन्होंने बताया कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स-चाहे ट्विटर हो या व्हाट्सएप- गालियों से भरे रहते हैं. उन्होंने ये भी जोड़ा कि हर किसी की तरह उन्हें सराहना भी मिलती है, लेकिन आलोचना की मात्रा भी कम नहीं है.

 अगर गालियां रुक जाएं तो समझूंगा 

जावेद अख्तर ने ये भी कहा कि कट्टरपंथी चाहे किसी भी तरफ के हों, वे उन्हें निशाना बनाते हैं. उन्होंने कहा, 'एक कहता है तू काफिर है, नर्क में जाएगा... दूसरा कहता है तू जिहादी है, पाकिस्तान चला जा.' उन्होंने व्यंग्य में कहा कि अगर ये दोनों ही पक्ष उन्हें गाली देना बंद कर दें, तो उन्हें शक होगा कि वे शायद अब कुछ गलत कह रहे हैं.

मुंबई और महाराष्ट्र को बताया कर्मभूमि

जावेद अख्तर ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि वे महज साढ़े उन्नीस साल की उम्र में मुंबई आए थे. उन्होंने कहा, 'आज जो कुछ भी मैं हूं, जो कुछ भी पाया है, वो इसी जमीन की देन है. मुंबई और महाराष्ट्र मेरी असली कर्मभूमि हैं.'

 राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर राय

जावेद अख्तर लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलते रहे हैं. भारत-पाकिस्तान जैसे संवेदनशील विषयों पर भी वे अपनी राय देने से पीछे नहीं हटते. भारत-पाक युद्ध के दौरान उनके बयान खूब चर्चा में रहे थे. सोशल मीडिया पर भी वे हमेशा सक्रिय रहते हैं और किसी भी मुद्दे पर अपनी बेबाक राय रखते हैं.