नई दिल्ली : टेलीविजन की फेमस एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी अक्सर अपने बिंदास अंदाज और सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने के लिए जानी जाती हैं. हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच देवोलीना ने सोशल मीडिया पर भारतीय सेना के सपोर्ट में कई पोस्ट शेयर किए, जिसके चलते उन्हें एक पाकिस्तानी यूजर से गलत कमेंट सुनने को मिला. हालांकि एक्ट्रेस ने इसका मुंहतोड़ जवाब भी दिया.
पिछले कुछ दिनों से जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमलों के बाद कई भारतीय कलाकारों ने सोशल मीडिया पर आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है. देवोलीना भट्टाचार्जी भी इन्हीं में से एक हैं. उन्होंने सेना और देश के सपोर्ट में लगातार पोस्ट कर देशप्रेम की भावना व्यक्त की.
देवोलीना की पोस्ट पर एक पाकिस्तानी यूज़ृर ने कमेंट करते हुए भड़काऊ और निजी बातें लिखीं. उसने लिखा- 'मैं भारत के सभी प्रोड्यूसर्स से रिक्वेस्ट करता हूं कि देवोलीना को काम दे दें, क्योंकि ये घर बैठकर पागल हो गई है. ये हर वक्त नफरत फैला रही है. मुझे इसका फैन होने का अफसोस है. अगर इसे इस्लाम से इतनी नफरत है तो अपने मुस्लिम पति को छोड़ दे.'
बता दें कि देवोलीना ने साल 2022 में मुस्लिम युवक शाहनवाज शेख से शादी की थी, जिस पर भी इस यूजर ने निशाना साधा.
इस कमेंट का जवाब देते हुए देवोलीना ने दो टूक कहा- 'अब इनको मेरे काम की फिक्र है, जिनका खुद का कोई भरोसा नहीं. अरे जाकर अपना देश और आतंकी कैंप संभाल. दो दिन में तेरी आर्मी इंटरनेशनल फंड्स से भीख मांगने लगी है. मेरे पति की फिक्र मत कर और अपने देश में जो आतंकवादी पाल रखे हैं, उन्हें भारत को सौंप दे.'
देवोलीना के इस जवाब को सोशल मीडिया यूजर्स का भरपूर सपोर्ट मिला. कई लोगों ने उनके साहसी स्टैंड की तारीफ की और कहा कि कलाकारों को भी देश के मुद्दों पर खुलकर बोलना चाहिए. साथ ही यूजर्स ने ट्रोलिंग करने वालों की मानसिकता पर भी सवाल उठाए.