Logo

रिटायरमेंट के बाद बड़ा धमाका! अरिजीत सिंह का ‘रैना’ रिलीज होते ही छाया, फैंस बोले - इसी की था इंतजार

Arijit Singh Raina Song: प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के ऐलान के बाद अरिजीत सिंह ने अपने फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। उन्होंने इंडिपेंडेंट म्यूजिक में कदम रखते हुए ‘रैना’ नाम का नया गाना रिलीज किया, जो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया।

👤 Ashwani Kumar 01 Mar 2026 02:26 PM

मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने कुछ समय पहले प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट लेने का ऐलान किया था। इस खबर से उनके चाहने वाले काफी निराश हो गए थे। उन्होंने 27 जनवरी को सोशल मीडिया के जरिए बताया था कि अब वह फिल्मों के लिए गाना नहीं गाएंगे। कई सालों तक हिट गाने देने के बाद यह फैसला फैंस के लिए चौंकाने वाला था।

लेकिन अब अरिजीत ने अपने प्रशंसकों को खास तोहफा दिया है। फिल्मों से दूरी बनाने के बाद उन्होंने इंडिपेंडेंट म्यूजिक की ओर कदम बढ़ाया है और अपना नया गाना ‘रैना’ रिलीज किया है।

‘रैना’ ने जीता दिल

‘रैना’ अरिजीत का प्लेबैक छोड़ने के बाद पहला स्वतंत्र गीत है। इस गाने को उन्होंने संगीतकार शेखर रवजियानी के साथ मिलकर तैयार किया है। दोनों कलाकारों ने अपने-अपने सोशल मीडिया पेज पर इसकी जानकारी साझा की। 27 फरवरी को रिलीज होते ही यह गीत तेजी से लोकप्रिय हो गया। अरिजीत की सुकून भरी आवाज ने एक बार फिर लोगों का दिल जीत लिया। इस गाने के बोल प्रिया सरैया ने लिखे हैं। यह एक मधुर प्रेम गीत है, जो सीधे दिल को छूता है और श्रोताओं को भावनाओं की दुनिया में ले जाता है।

फैंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स

गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर उत्साह की लहर दौड़ गई। फैंस ने अरिजीत के इस नए अंदाज की खूब तारीफ की। कई लोगों ने लिखा कि प्लेबैक से दूरी के बाद भी उनकी आवाज का जादू बरकरार है।

एक फैन ने लिखा कि स्वतंत्र संगीत में उनका यह कदम शानदार है। वहीं दूसरे प्रशंसक ने कहा कि ‘रैना’ में अरिजीत की आवाज पहले से भी ज्यादा गहरी और सुकून देने वाली लग रही है।

नया सफर, नई पहचान

प्लेबैक सिंगिंग को अलविदा कहने के बाद अरिजीत का यह कदम दिखाता है कि वह नए प्रयोग करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने अपने रिटायरमेंट पोस्ट में कहा था कि यह सफर यादगार रहा और श्रोताओं के प्यार के लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे। अब ‘रैना’ के जरिए उन्होंने साबित कर दिया है कि वह फिल्मों से दूर रहकर भी संगीत की दुनिया में सक्रिय रहेंगे। उनका यह नया सफर फैंस के लिए एक ताजा शुरुआत की तरह है, जो आने वाले समय में और भी खूबसूरत गीतों की उम्मीद जगा रहा है।