दुनिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले वेब ब्राउजर में से एक, Google Chrome, को लेकर एक बड़ी सुरक्षा चेतावनी सामने आई है। गूगल ने हाल ही में पुष्टि की है कि ब्राउजर में दो खतरनाक Zero-Day कमजोरियां पाई गई हैं, जिनका पहले से ही हैकर्स फायदा उठा रहे हैं। यह खतरा इतना गंभीर है कि कंपनी ने तुरंत इमरजेंसी सिक्योरिटी अपडेट जारी किया। विशेषज्ञों का अनुमान है कि लगभग 3.5 अरब क्रोम यूजर्स इस समस्या से प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए सभी को तुरंत अपने ब्राउजर को अपडेट करने की सलाह दी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, गूगल ने ब्राउजर में CVE-2026-3909 और CVE-2026-3910 नामक दो गंभीर कमजोरियों का पता लगाया है। इन दोनों को Zero-Day Vulnerability कहा जाता है, जिसका मतलब है कि हैकर्स इन कमजोरियों का इस्तेमाल कंपनी को पूरी जानकारी होने से पहले ही कर सकते हैं।
ये कमजोरियां ब्राउजर के मुख्य सिस्टम को प्रभावित करती हैं। हमलावर इनका इस्तेमाल करके किसी यूजर के सिस्टम में कोड चला सकते हैं या संवेदनशील डेटा तक पहुंच सकते हैं।
CVE-2026-3909: यह Chrome के ग्राफिक्स लाइब्रेरी Skia से जुड़ी कमजोरी है। इसका फायदा उठाकर कोई भी यूजर को खतरनाक वेबसाइट पर भेज सकता है और वहां से सिस्टम में मैलिशियस कोड चला सकता है।
CVE-2026-3910: यह Chrome के JavaScript इंजन V8 से संबंधित है। इसके जरिए किसी भी खास HTML पेज पर हमलावर ब्राउजर के अंदर कोड चला सकता है। इसका मतलब है कि सिर्फ एक संदिग्ध वेबसाइट खोलना भी खतरे में डाल सकता है।
गूगल ने सुरक्षा कमजोरियों की पहचान के लिए Vulnerability Reward Program चलाया हुआ है। इस प्रोग्राम के तहत, सिक्योरिटी रिसर्चर्स को कमजोरियां खोजने पर इनाम दिया जाता है।
पिछले 15 वर्षों में लगभग 81.6 मिलियन डॉलर का भुगतान किया जा चुका है। सिर्फ 2025 में ही 17 मिलियन डॉलर से ज्यादा का इनाम मिला।
यह प्रोग्राम क्रोम की सुरक्षा मजबूत रखने में रिसर्चर्स की अहम भूमिका को दर्शाता है।
गूगल ने इस खतरे से निपटने के लिए नया सिक्योरिटी अपडेट जारी कर दिया है। हालांकि, यह अपडेट सभी यूजर्स तक पहुंचने में कुछ दिन या हफ्ते लग सकते हैं। इसलिए अपने आप अपडेट चेक करना बहुत जरूरी है:
1. Chrome में तीन डॉट मेन्यू पर क्लिक करें।
2. Help → About Google Chrome चुनें।
3. अगर नया अपडेट उपलब्ध होगा तो ब्राउजर उसे डाउनलोड और इंस्टॉल कर देगा।
4. अपडेट के बाद ब्राउजर को रीस्टार्ट करना न भूलें।
इस तरह आप अपने ब्राउजर को सुरक्षित रख सकते हैं और किसी भी संभावित खतरे से बच सकते हैं।