भारत का लोकप्रिय एजुकेशनल ऐप Byju's गूगल प्ले स्टोर से अचानक हटा दिया गया है, जिससे लाखों छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल बन गया है. यह ऐप चौथी से 12वीं तक के छात्रों को लर्निंग कंटेंट मुहैया कराता है. साथ ही अलग-अलग एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी में मदद करता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐप को हटाने की वजह Amazon Web Services (AWS) को बकाया भुगतान न करना है, जो कि Byju's के क्लाउड सर्विस वेंडर के रूप में काम करता है.
हालांकि एंड्रॉयड यूजर्स के लिए ऐप प्ले स्टोर से हटा दिया गया है, लेकिन iOS यूजर्स इसे अब भी Apple App Store से डाउनलोड कर सकते हैं. वहीं, Byju’s की दूसरी ऐप्स जैसे- Byju's Exam Prep और Think and Learn Premium अभी भी प्ले स्टोर पर मौजूद हैं. लेकिन कुछ यूजर्स ने शिकायत की है कि इन ऐप्स में वीडियो स्ट्रीमिंग और पेड कंटेंट जैसी सेवाएं ठीक से काम नहीं कर रही हैं.
Byju’s इस वक्त गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रही है. कंपनी के खिलाफ दिवालियापन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और एक Insolvency Resolution Professional (IRP) इसकी वित्तीय स्थिति की निगरानी कर रहा है. AWS ने बताया कि वे अप्रैल 2024 से Byju’s की पैरेंट कंपनी Think and Learn Pvt. Ltd. से भुगतान की मांग कर रहे हैं. लेकिन भुगतान न होने की स्थिति में गूगल ने ऐप को प्ले स्टोर से हटा दिया.
फिलहाल इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि ऐप दोबारा कब तक प्ले स्टोर पर लौटेगा. लेकिन अगर कंपनी AWS और अन्य वित्तीय जिम्मेदारियों को सुलझा लेती है, तो ऐप की वापसी मुमकिन है. छात्रों और पेरेंट्स को सलाह है कि जब तक स्थिति स्पष्ट न हो, वैकल्पिक लर्निंग साधनों पर भरोसा करें.