देशभर में एक बार फिर कोरोना के मामले धीरे-धीरे बढ़ने लगे हैं। दिल्ली में कोविड की वापसी के बाद अब नोएडा में भी इसका असर दिखाई देने लगा है। शनिवार को गौतमबुद्ध नगर में इस साल का पहला कोरोना पॉजिटिव केस सामने आया है। नोएडा के सेक्टर-110 में रहने वाली 55 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है और उसे घर पर आइसोलेशन में रखा गया है।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, यह महिला हाल ही में, 14 मई को ट्रेन से यात्रा कर लौटी थी। संक्रमण की पुष्टि के बाद उसके परिवार के अन्य सदस्यों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग सतर्क है और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा, "प्रशासन पूरी तरह तैयार है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बेहद जरूरी है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें—जैसे मास्क पहनना, हाथों की नियमित सफाई और भीड़भाड़ से बचना।"
फिलहाल मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है और किसी गंभीर लक्षण की जानकारी नहीं दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके। अधिकारी इस बात पर जोर दे रहे हैं कि अब भी सतर्कता ही बचाव का सबसे कारगर तरीका है।