Logo

Ayodhya News: एलन मस्क के पिता एरोल मस्क पहुंचे अयोध्या, रामलला और हनुमानगढ़ी के किए दर्शन

एलन मस्क के पिता एरोल मस्क बुधवार को अपनी बेटी के साथ अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। उन्होंने राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए और हनुमानगढ़ी जाकर पूजा-अर्चना की।

👤 Saurabh 04 Jun 2025 05:18 PM

अमेरिका के मशहूर बिजनेसमैन एलन मस्क के पिता एरोल मस्क बुधवार को अयोध्या पहुंचे। उनके साथ उनकी बेटी भी आईं। वे दोपहर 3 बजे महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर चार्टर प्लेन से पहुंचे। वहां पुजारियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

एयरपोर्ट से सीधा वे राम मंदिर पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी जाकर पूजा की।

मीडिया से बातचीत में एरोल मस्क ने कहा कि उन्हें भारत और यहां के लोगों का व्यवहार बहुत पसंद आया। उन्होंने कहा कि वे भारतीय संस्कृति को अच्छी तरह से समझते हैं, क्योंकि अमेरिका में भी भारतीयों की बड़ी संख्या है।

उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भारत और अमेरिका के रिश्ते और बेहतर होंगे, क्योंकि दोनों देशों के नेता बहुत अच्छे हैं। एरोल मस्क ने भारतीयों को दुनिया के सबसे अच्छे व्यवहार वाले लोग बताया।

तीर्थ क्षेत्र के कोषाध्यक्ष महंत श्री गिरि ने कहा कि रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के समय देश-विदेश की कई बड़ी हस्तियां अयोध्या आई थीं। अब जब भगवान राम को 'राजा राम' के रूप में प्रतिष्ठित किया जा रहा है, तो अमेरिका के सबसे अमीर उद्योगपति एलन मस्क के पिता एरोल मस्क भी अयोध्या पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह सब भगवान राम, जो लक्ष्मीपति विष्णु के अवतार हैं, उनकी कृपा का परिणाम है।