Logo

पंजाब में 6 दिन भारी बारिश का येलो अलर्ट, जल्द दस्तक देगा मानसून

पंजाब में मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के लिए भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश से राज्य के तापमान में गिरावट आई है और अगले चार दिनों में और 3-4 डिग्री तक गिरावट की संभावना है।

👤 Saurabh 21 Jun 2025 01:03 PM

Punjab Weather: पंजाब में मौसम ने करवट ली है। हालिया बारिश से राज्य में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। औसतन पारा 1.7 डिग्री सेल्सियस गिरा है, जो सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे चला गया है। बठिंडा में सबसे अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने पंजाब के लिए अगले छह दिन भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है।

इस मौसम परिवर्तन से अगले चार दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की और गिरावट आ सकती है। अलर्ट अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, होशियारपुर, जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, बरनाला, मानसा, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जिलों में लागू किया गया है।

मौसम विभाग ने बताया पंजाब में कब होगी बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के लिए अनुकूल स्थितियां बन रही हैं और आगामी 3–4 दिनों में मानसून इन राज्यों में प्रवेश कर सकता है। शुक्रवार को पठानकोट में 15.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

वहीं, न्यूनतम तापमान में भी हल्की वृद्धि देखी गई है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रूपनगर में रिकॉर्ड किया गया। अमृतसर का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री, लुधियाना का 34.8, पटियाला का 35.0, पठानकोट का 32.3 और फरीदकोट का 38.5 डिग्री दर्ज किया गया।

आने वाले दिनों में बारिश और आंधी से मौसम और ठंडा हो सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, साथ ही किसानों को भी खेतों के लिए फायदेमंद परिस्थितियां मिलेंगी।