पंजाब की राजनीति में आज एक अहम दिन रहा। नव-निर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा ने आज पंजाब विधानसभा सचिवालय में विधायक पद की शपथ ली। उन्हें शपथ दिलाई पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने। इस मौके पर दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल सिंह चीमा और विधायक बुद्ध राम भी मौजूद थे।
शपथ लेने के बाद स्पीकर ने संजीव अरोड़ा को पंजाब विधानसभा का साहित्य और एक आई-पैड उपहार स्वरूप भेंट किया। शपथ में संजीव अरोड़ा ने कहा कि वे भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखेंगे, देश की एकता और अखंडता बनाए रखेंगे, और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेंगे।
शपथ के बाद संजीव अरोड़ा ने कहा कि वे आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मार्गदर्शन लेंगे और अपने क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
इस मौके पर स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने बताया कि अब विधानसभा की सभी कार्यवाहियों का सीधा प्रसारण किया जा रहा है ताकि लोग देख सकें कि सदन में क्या हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने सदन की कार्यवाही को जनता से छिपाया, लेकिन अब सरकार पारदर्शिता लाने के लिए काम कर रही है।
शपथ समारोह के बाद स्पीकर ने संजीव अरोड़ा को शुभकामनाएं दीं और सभी आए हुए अतिथियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम से पहले स्पीकर और उनके परिवार ने पंजाब विधानसभा परिसर में पौधारोपण भी किया।