पंजाब के फिरोजपुर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक क्रिकेट मैच के दौरान बल्लेबाज ने जैसे ही एक शानदार छक्का मारा, उसके कुछ ही सेकंड बाद वह पिच पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना फिरोजपुर के डीएवी स्कूल ग्राउंड में हुई, जहां सुबह एक लोकल क्रिकेट मैच खेला जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, हरजीत सिंह नाम का खिलाड़ी मैच में शानदार बल्लेबाज़ी कर रहा था। उन्होंने एक तेज़ गेंद पर जबरदस्त छक्का मारा। लेकिन छक्का लगाने के बाद ही वो धीरे से क्रीज से बाहर आकर बैठ गए, जिसे देखकर नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़ा बल्लेबाज़ यह समझा कि वह थोड़ा आराम कर रहे हैं। कुछ ही पलों बाद हरजीत जमीन पर पूरी तरह लेट गए और हिलना बंद कर दिया।
मैदान में मौजूद खिलाड़ियों को जब कुछ गड़बड़ महसूस हुई, तो वे भागकर उनके पास पहुंचे और तुरंत सीपीआर (दिल को चलाने की तकनीक) देना शुरू कर दिया। वहां मौजूद कुछ खिलाड़ियों ने पूरी कोशिश की कि हरजीत की जान बचाई जा सके, लेकिन अफसोस, वो उन्हें बचा नहीं सके।
यह पूरी घटना वहां मौजूद खिलाड़ियों द्वारा मोबाइल में रिकॉर्ड भी कर ली गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो देखकर हर कोई हैरान और दुखी है। इस घटना के बाद मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों में सन्नाटा फैल गया, और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।
क्रिकेट खेलते वक्त ऐसे अचानक हुए हादसे से खिलाड़ियों में डर और चिंता का माहौल बन गया है। लोग अब यह सोचने पर मजबूर हैं कि पूरी तरह फिट दिखने वाला खिलाड़ी भी इस तरह अचानक दुनिया छोड़ सकता है।
फिलहाल, हरजीत के परिवार और दोस्तों को यह यकीन कर पाना मुश्किल हो रहा है कि वह अब इस दुनिया में नहीं हैं। यह हादसा इस बात की गंभीर याद दिलाता है कि खेल के मैदान में भी स्वास्थ्य को लेकर सावधानी और त्वरित मेडिकल सुविधा कितनी जरूरी है।