अमृतसर के थाना सदर के बाहर शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना हुई। सीआरपीएफ के रिटायर्ड डीएसपी तरसेम सिंह ने अपने ही बेटे बचित्तर सिंह को लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना थाना परिसर से सिर्फ 50 मीटर की दूरी पर हुई। जानकारी के मुताबिक, तरसेम सिंह किसी पारिवारिक विवाद को लेकर शिकायत दर्ज कराने थाने आया था। उसके साथ उसका बेटा भी मौजूद था। बाहर ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि झगड़ा हो गया।
गुस्से में आकर तरसेम सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और बेटे पर गोली चला दी। गोली लगते ही बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने तुरंत उसे नजदीकी निजी अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी तरसेम सिंह को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, तरसेम सिंह की दो शादियां थीं और घर में पारिवारिक तनाव चल रहा था। तरसेम सिंह अपनी पहली पत्नी और बेटे के साथ विवाद के चलते थाने आया था।
घटना के वक्त थाने के अंदर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि शिकायत दर्ज होने से पहले ही बाहर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब बाहर निकले तो देखा कि एक युवक खून से लथपथ पड़ा था और एक बुजुर्ग के हाथ में पिस्तौल थी।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पिस्तौल किस नाम पर थी और घटना पूर्वनियोजित थी या अचानक गुस्से में की गई हरकत थी।
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि एक पिता ने अपने ही बेटे को गोली मार दी। पुलिस अब दोनों परिवारों से पूछताछ कर रही है और पारिवारिक पृष्ठभूमि खंगालने में जुटी है।