Punjab Weather: पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है. राज्य के कई इलाकों में सुबह के समय घनी धुंध छाई रही, जिससे आम लोगों की दिनचर्या और यातायात पर असर पड़ा. खासकर खुले इलाकों और हाईवे पर विजिबिलिटी काफी कम रही, जिसके चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग ने इसे देखते हुए पंजाब के 15 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, पटियाला, बरनाला, मानसा, फाजिल्का, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा में घनी धुंध छाए रहने की आशंका है. इन जिलों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रह सकती है. प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने और जरूरत न हो तो सुबह जल्दी यात्रा से बचने की सलाह दी है.
पिछले 24 घंटों में पंजाब के तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है. न्यूनतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखी गई है. सबसे कम तापमान अमृतसर में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री से नीचे रहा, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बना हुआ है.
वहीं अधिकतम तापमान में भी मामूली गिरावट देखी गई है. मानसा में राज्य का सबसे अधिक तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
मौसम विभाग ने 9 फरवरी को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है. हालांकि तब तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है. बारिश होने से तापमान में फिर से हल्की गिरावट आ सकती है और ठंड बढ़ सकती है. किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है, जबकि आम लोगों को ठंड और धुंध से राहत मिलने में अभी थोड़ा वक्त लग सकता है.
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें. धुंध के दौरान वाहन चलाते समय फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और गति धीमी रखें. खासकर सुबह और देर शाम यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है.