Logo

पंजाब CM भगवंत मान की तबीयत बिगड़ी, अरविंद केजरीवाल ने लिया हाल

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा और राहत कार्यों की निगरानी करने से उनकी सेहत पर असर पड़ा।

👤 Saurabh 04 Sep 2025 04:48 PM

Bhagwant Mann Health: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की अचानक तबीयत बिगड़ने की खबर ने बुधवार को सभी को चिंतित कर दिया। न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सुबह अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तुरंत उनके घर पहुंचे और उनका हालचाल जाना।

दरअसल, पिछले कई दिनों से मुख्यमंत्री मान लगातार पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे थे। लगातार यात्राओं और राहत कार्यों की निगरानी के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई। मंगलवार को ही उन्होंने फिरोजपुर जिले में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था।

मुख्यमंत्री मान ने हाल ही में लोगों से पंजाब के लिए मदद की अपील भी की थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा था कि “पंजाब हमेशा मुश्किल वक्त में सबके साथ खड़ा रहा है। आज जब पंजाब प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है, तब हमें भी एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए।” उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने की अपील की और QR कोड व बैंक खाते की जानकारी भी साझा की।

मान ने कहा था कि राहत कार्यों में हर किसी को योगदान देना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि “हालात कठिन हैं, लेकिन हम सब मिलकर इस मुश्किल घड़ी को पार कर लेंगे।”

इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में भगवंत मान ने बताया कि “पंजाब ने हमेशा संकट का डटकर सामना किया है। पंजाब कई बार गिरा है, लेकिन हर बार खड़ा भी हुआ है। जब तुर्किये में आपदा आई थी, तब पंजाबी वहां लंगर लेकर पहुंचे थे। आज भी हमारे लोग ट्रॉली और राशन लेकर मदद के लिए निकल पड़े हैं। पानी लगातार बढ़ रहा है, लेकिन लोग भी उतनी ही तेजी से मदद कर रहे हैं।”

इस वक्त मान का स्वास्थ्य धीरे-धीरे सुधर रहा है, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। अरविंद केजरीवाल के पहुंचने से साफ है कि पार्टी और सरकार दोनों मुख्यमंत्री की सेहत पर करीब से नज़र रख रहे हैं।