Logo

अचानक धुंध और बढ़ती गर्मी से बदला मौसम का मिजाज, मौसम विभाग ने जारी किया बड़ा अपडेट, जानें

Punjab Weather: पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।

👤 Ashwani Kumar 09 Mar 2026 05:17 PM

Punjab Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में अब धीरे-धीरे गर्मी का असर दिखाई देने लगा है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिसके कारण दिन के समय लोगों को गर्मी महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों को लेकर अपडेट जारी किया है और कहा है कि फिलहाल मौसम में कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 14 मार्च तक पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। ऐसे में लोगों को धूप और बढ़ते तापमान का सामना करना पड़ सकता है।

तापमान में हुई हल्की बढ़ोतरी

पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके कारण तापमान सामान्य से लगभग 6 डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कुछ इलाकों में दिखी धुंध

एक तरफ जहां दिन में तापमान बढ़ रहा है, वहीं रविवार सुबह कुछ इलाकों में अचानक धुंध भी देखने को मिली। अमृतसर में तो विजिबिलिटी शून्य तक दर्ज की गई, जिससे लोगों को सुबह के समय थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम के इस अचानक बदले रूप ने कई लोगों को हैरान भी किया। मौसम विभाग के अनुसार जो पश्चिमी विक्षोभ पिछले दिनों सक्रिय था, वह अब इस क्षेत्र से आगे बढ़ चुका है। इसके चलते आने वाले दिनों में मौसम ज्यादातर साफ रहने की संभावना है।

14 मार्च के बाद बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि 14 मार्च के बाद मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है और तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। अनुमान है कि उस समय तापमान लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। अगले चार दिनों तक तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का अनुमान जताया गया है।