Logo

पंजाब और चंडीगढ़ में कोल्ड वेव अलर्ट! घना कोहरा और कड़ाके की ठंड ने किया लोग परेशान, अगले 3 दिन रहें सावधान

Punjab weather today: पंजाब और चंडीगढ़ में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड जारी है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में कोल्ड वेव के ज्यादा चांस हैं. अगले तीन दिन मौसम में बदलाव के संकेत हैं.

👤 Ashwani Kumar 29 Jan 2026 12:32 PM

Punjab Weather: पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है. पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग ने गुरुवार, 29 जनवरी के लिए घने कोहरे और कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया है.

आज अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 1.7 डिग्री कम है. अमृतसर में सबसे कम तापमान 3.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है.

कोल्ड वेव का खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में ठंड के चलते कोल्ड वेव के चांस बहुत ज्यादा हैं. इसके साथ ही पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली और मलेरकोटला में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.

चंडीगढ़ में विजिबिलिटी 40 मीटर तक घट गई है. बठिंडा में 50 मीटर, फरीदकोट में 150 मीटर और लुधियाना में 190 मीटर विजिबिलिटी रिकॉर्ड की गई. इससे लोगों को ट्रैवल में काफी परेशानी हुई. इस दौरान अमृतसर और फरीदकोट में शीतलहर भी रही.

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर

जम्मू और आसपास के इलाकों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है. इसकी वजह से हवाएं गोल-गोल घूम रही हैं. यह सिस्टम जमीन से 3 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है. उत्तर भारत में ऊंचाई पर तेज हवाएं चल रही हैं, जिनकी स्पीड लगभग 130 नॉट्स है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 जनवरी की रात से एक नया वेदर सिस्टम उत्तर-पश्चिमी भारत में प्रवेश करेगा. इससे ठंड और बढ़ सकती है, कुछ इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है.

अगले दिनों का मौसम

  • 30 जनवरी: फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में कोल्ड वेव का असर रहेगा. कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. मौसम सूखा रहेगा.
  • 31 जनवरी: पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
  • 1 फरवरी: पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, पटियाला, मोहाली, तरनतारन, कपूरथला और फतेहगढ़ साहिब में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. कई अन्य इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है.

नाइट टेम्परेचर में गिरावट

अगले दो दिनों में रात का तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है. इसके बाद धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है. पंजाब और चंडीगढ़ में फिलहाल ठंड और कोहरे का असर रहेगा. लोगों को बाहर जाते समय सावधानी बरतनी चाहिए, खासकर ड्राइविंग और लंबी यात्रा के दौरान. साथ ही, मौसम विभाग की सतर्कता को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.