Logo

पंजाब भाजपा मुख्यालय पर हमला, अश्वनी शर्मा का CM मान पर बड़ा हमला… बोले, ‘कौन लेगा जिम्मेदारी?’

पंजाब भाजपा मुख्यालय पर हुए हमले के बाद सियासत तेज हो गई है। अश्वनी शर्मा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस घटना को साजिश बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

👤 Ashwani Kumar 02 Apr 2026 01:31 PM

Punjab BJP office attack: पंजाब में भाजपा मुख्यालय पर हुए हैंड ग्रेनेड हमले के बाद सियासी माहौल गर्म हो गया है। इस घटना के बाद अश्वनी शर्मा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सरकार की जिम्मेदारी है, ऐसे में मुख्यमंत्री इस मामले से खुद को अलग नहीं कर सकते। पत्रकारों से बातचीत में अश्वनी शर्मा ने कहा कि भाजपा मुख्यालय की सुरक्षा पंजाब पुलिस और सीआरपीएफ के जिम्मे होती है।

ऐसे में इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में जवाब देना चाहिए और यह स्पष्ट करना चाहिए कि इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।

आतंकी साजिश का लगाया आरोप

शर्मा ने दावा किया कि यह हमला एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली के बाद कुछ विरोधी ताकतें बौखला गई थीं, जिसके चलते इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा न तो डरने वाली है और न ही झुकने वाली है, बल्कि ऐसी घटनाओं का मजबूती से सामना करेगी।

कानून व्यवस्था पर घेरा सरकार को

अश्वनी शर्मा ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पंजाब में गैंगस्टरों और देश विरोधी ताकतों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं।

उन्होंने मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि आज तक इस मामले ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हुए हैं। इसके अलावा, कई नेताओं और खिलाड़ियों पर हमले की घटनाएं भी चिंता का विषय हैं।

धमकियों का भी किया खुलासा

शर्मा ने यह भी बताया कि कई भाजपा नेताओं को पाकिस्तान से जुड़े नंबरों से धमकी भरे फोन कॉल्स आ रहे हैं। इसके अलावा ईमेल और गुमनाम चिट्ठियों के जरिए भी जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों की शिकायत पुलिस को दी जा चुकी है और सरकार को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। अंत में उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा का बढ़ता जनाधार कुछ ताकतों को परेशान कर रहा है, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रदेश में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।