पंजाब के पटियाला जिले में एक सुनसान खेतों के रास्ते पर उस समय सनसनी फैल गई जब एक टोयोटा फॉर्च्यूनर SUV में एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिले. ये हादसा पटियाला के टेहला बनूर गांव के पास नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां एक खेत में खड़ी कार देखकर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
मृतकों की पहचान मोहाली निवासी संदीप सिंह राजपाल (45), उनकी पत्नी मंदीप कौर (42) और बेटे अभय सिंह (15) के रूप में हुई है. संदीप सिंह प्रॉपर्टी डीलर थे और पिछले आठ वर्षों से मोहाली में रह रहे थे. उनका मूल गांव बठिंडा जिले का सिखवाला है.
पुलिस के अनुसार, संदीप सिंह की लाश ड्राइवर सीट पर थी, पत्नी मंदीप कौर आगे वाली सीट पर और बेटा अभय पिछली सीट पर मृत मिला. सभी के शरीर पर गोली लगने के निशान थे और कार की प्लास्टिक सतहों पर खून के छींटे पाए गए। जांच के दौरान कार से एक हथियार भी बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है.
पुलिस अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच से मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि संदीप सिंह ने पहले पत्नी और बेटे को गोली मारी, फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली.
पुलिस के मुताबिक, मृतक बेटा अभय लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था, जिससे परिवार में तनाव बना हुआ था. यह भी जांच का विषय है कि कहीं इसी मानसिक दबाव ने इस त्रासदी को जन्म तो नहीं दिया. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी मनजीत सिंह, अर्शदीप शर्मा, हरदेव सिंह और जसविंदर पाल के साथ फॉरेंसिक टीमों ने साक्ष्य जुटाए. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जो सोमवार को किया जाएगा. परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे मोहाली से पटियाला पहुंचने वाले हैं.