गर्मियों का मौसम आते ही पेट से जुड़ी समस्याएं आम हो जाती हैं. लूज मोशन, डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, उल्टी और चक्कर जैसी समस्याएं इस मौसम में अधिकतर लोगों को परेशान करती हैं. लूज मोशन के चलते शरीर में पानी और जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो जाती है, जिससे कमजोरी और थकावट महसूस होती है. पाचन तंत्र का सही रहना इस मौसम में सेहतमंद रहने के लिए बेहद जरूरी है.
गर्मी में लूज मोशन होने के पीछे सबसे बड़ा कारण है दूषित खाना और पानी. तेज गर्मी में बासी या खुले में रखा हुआ खाना जल्दी खराब हो जाता है, जिसमें बैक्टीरिया और वायरस पनप जाते हैं. ये शरीर में पहुंचकर पेट में संक्रमण कर देते हैं. इसके अलावा, गंदा पानी पीने से भी शरीर में बैक्टीरिया प्रवेश कर जाते हैं, जिससे दस्त की समस्या होती है. गर्मी में शरीर का इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस भी गड़बड़ा जाता है, जो पाचन को कमजोर बना देता है. साथ ही, फूड प्वाइजनिंग के मामले भी इस मौसम में तेजी से बढ़ते हैं.
लूज मोशन से राहत पाने के लिए सबसे जरूरी है हाइड्रेशन का ध्यान रखना. दिनभर में नींबू पानी, नारियल पानी और छाछ जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें, ताकि शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी न हो. भोजन में हल्का और सुपाच्य खाना जैसे दही-चावल, खिचड़ी और दाल शामिल करें. बाहर का खाना पूरी तरह से अवॉइड करें या बहुत विश्वसनीय जगह से ही खाएं.
धनिया और सौंफ के बीज को रातभर भिगोकर सुबह उसका पानी पीने से पेट को ठंडक मिलती है और दस्त से राहत मिलती है. बेल का शरबत भी पेट के लिए फायदेमंद होता है और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता. वहीं, दही में थोड़ा हींग और भुना हुआ जीरा मिलाकर खाने से पाचन सुधरता है और लूज मोशन कंट्रोल होता है.
अगर लूज मोशन की समस्या 2-3 दिन से अधिक बनी हुई है, या आपको अत्यधिक कमजोरी महसूस हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. क्योंकि लंबे समय तक दस्त रहना शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है.
गर्मी के मौसम में खानपान का विशेष ध्यान रखें. स्वच्छ पानी पिएं और ताजे, हल्के भोजन का सेवन करें. सेहत से जुड़ी किसी भी परेशानी के लिए समय पर सही सलाह लेना बेहद जरूरी है.
(Disclaimer: यह स्टोरी सामान्य जानकारियों पर आधारित है. किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या में विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.)