Logo

पंजाब में सियासी भूचाल! नवजोत कौर सिद्धू ने सरकार की कार्यशैली पर उठाए बड़े सवाल

Punjab Politics: पंजाब की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। नवजोत कौर सिद्धू ने राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों को मुफ्त योजनाओं से ज्यादा रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत बुनियादी ढांचे की जरूरत है।

👤 Ashwani Kumar 02 Mar 2026 11:17 AM

पंजाब की राजनीति में फिर से बयानबाजी तेज हो गई है। वरिष्ठ नेतान वजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू ने राज्य की मौजूदा व्यवस्था पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि लोगों को सिर्फ मुफ्त सुविधाएं देने से काम नहीं चलेगा। असली जरूरत लंबे समय तक चलने वाले विकास की है। उनके मुताबिक पंजाब के लोग रोजगार, अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत सड़क-पुल जैसी बुनियादी सुविधाएं चाहते हैं।

परिवहन को लेकर सवाल

डॉ. सिद्धू ने अमृतसर एयरपोर्ट से दूसरे शहरों और कस्बों तक सीधी बस सेवा न होने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार विकास की बात करती है, तो पहले जरूरी सुविधाएं बेहतर करनी चाहिए। उनका मानना है कि एयरपोर्ट से अच्छी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और साथ ही पर्यटन और व्यापार को भी फायदा होगा। डॉ. सिद्धू ने यह भी पूछा कि क्या राज्य के बड़े फैसले मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद ले रहे हैं या किसी बाहरी दबाव में लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को साफ बताना चाहिए कि हर फैसला पंजाब और यहां के लोगों के हित में ही लिया जा रहा है।

मुफ्त योजनाओं की बजाय स्थायी समाधान

डॉ. सिद्धू का मानना है कि अल्पकालिक राहत योजनाओं से ज्यादा जरूरी स्थायी सुधार हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि:

  • बिजली पर अनियंत्रित खर्च की जगह सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जाए।
  • मुफ्त राशन की जगह युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएं।
  • प्रत्येक नागरिक के लिए स्वास्थ्य पहचान पत्र लागू किया जाए।
  • स्वच्छ पानी और रसायन-मुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
  • सरकारी विभागों में नियुक्ति और तबादले योग्यता के आधार पर हों।
  • जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता और छात्रवृत्ति मिले।

राजनीतिक माहौल में बढ़ी हलचल

यह बयान ऐसे समय आया है जब राज्य में विकास, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चर्चा जारी है। डॉ. सिद्धू के विचारों ने सियासी हलकों में नई बहस छेड़ दी है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि सरकार इन मुद्दों पर क्या प्रतिक्रिया देती है और आगे की रणनीति क्या होती है।