Logo

संजू का सुपर शो, 97* से टूटा वेस्टइंडीज का सपना! अब सेमीफाइनल में इंग्लैंड से महायुद्ध

T20 World Cup Semi Final: टी20 विश्व कप के सुपर-8 में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। संजू सैमसन की नाबाद 97 रन की पारी ने जीत में अहम भूमिका निभाई।

👤 Ashwani Kumar 02 Mar 2026 10:35 AM

ICC T20 WC 2026: टी20 विश्व कप 2026 के आखिरी सुपर-8 मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेले गए इस रोमांचक मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। लक्ष्य आसान नहीं था, लेकिन भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत के नायक रहे संजू सैमसन, जिन्होंने नाबाद 97 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने दबाव के बीच लक्ष्य हासिल किया और अंतिम चार में जगह पक्की की।

सेमीफाइनल में इंग्लैंड से टक्कर

अब दूसरे सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। यह मैच 5 मार्च को मुंबई के प्रसिद्ध वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। टी20 विश्व कप में यह लगातार तीसरी बार होगा जब सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे।

साल 2022 में इंग्लैंड ने भारत को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था, जबकि 2024 में भारतीय टीम ने जीत दर्ज कर पिछली हार का बदला लिया था। ऐसे में इस बार का मुकाबला बेहद रोमांचक रहने की उम्मीद है।

पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड

टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को खेला जाएगा। इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे। यह मैच भी ईडन गार्डन्स में आयोजित होगा। दोनों टीमें संतुलित नजर आ रही हैं और फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी। 

क्या भारत जीतेगा तीसरा खिताब?

भारतीय टीम अब खिताब से सिर्फ दो कदम दूर है। टीम ने 2024 में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। इससे पहले 2007 में भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर पहला टी20 विश्व कप जीता था। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि क्या टीम इंडिया अपने घरेलू मैदान पर तीसरा खिताब जीत पाएगी। शानदार फॉर्म और आत्मविश्वास के साथ भारतीय टीम खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।