Logo

जालंधर-अमृतसर हाईवे पर भीषण हादसा: करतारपुर के कोल्ड स्टोर में लगी भीषण आग

अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित करतारपुर इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दयालपुर के पास बने एक कोल्ड स्टोरेज में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें दूर-दूर से दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया.

👤 Saurabh 22 Jan 2026 07:37 PM

जालंधर-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित करतारपुर इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दयालपुर के पास बने एक कोल्ड स्टोरेज में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें दूर-दूर से दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया.

बताया जा रहा है कि यह कोल्ड स्टोर आलू भंडारण के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था और तीन मंजिला इमारत में बना हुआ है. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोल्ड स्टोर के भीतर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

10 से ज्यादा दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटीं

आग की तीव्रता को देखते हुए जालंधर और करतारपुर से करीब 10 दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया. आग इतनी विकराल थी कि दमकल कर्मियों को पास में बनी अधूरी इमारतों की छतों पर चढ़कर ऊपर से पानी की बौछार करनी पड़ी.

50 फीट तक उठती लपटों से बढ़ी मुश्किलें

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें करीब 50 फीट तक उठ रही थीं, जिससे आग पर काबू पाना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया. तेज गर्मी और धुएं के कारण दमकल कर्मियों को लगातार कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ा. घटना की जानकारी मिलते ही करतारपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आग के वास्तविक कारणों की जांच आग पूरी तरह बुझने के बाद ही संभव हो पाएगी.

लाखों का नुकसान, कॉलोनीवासियों में दहशत

प्राप्त जानकारी के मुताबिक जीटी रोड प्रीतम नगर के पास स्थित करतारपुर कोल्ड स्टोरेज एवं आइस फैक्ट्री में लगी इस आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. कोल्ड स्टोर के आसपास रिहायशी कॉलोनी होने के कारण स्थानीय निवासियों में भी भय का माहौल रहा और लोगों को आग फैलने का खतरा सताता रहा. पुलिस के अनुसार घटना के समय कोल्ड स्टोर में कोई कर्मचारी या व्यक्ति मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. प्रशासन ने इलाके को सुरक्षित घेराबंदी में रखते हुए राहत कार्य जारी रखा.