Logo

लुधियाना पश्चिम उपचुनाव: 23 जून को आएंगे नतीजे, कांटे की टक्कर की उम्मीद

लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे 23 जून को घोषित होंगे। 19 जून को हुई वोटिंग में 51.33% मतदान दर्ज किया गया।

👤 Saurabh 22 Jun 2025 05:11 PM

लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे अब बस कुछ ही घंटों दूर हैं। इस सीट के लिए 19 जून को मतदान हुआ, जिसमें 51.33% मतदाताओं ने वोट डाला। कुल 1,75,469 मतदाता इस क्षेत्र में पंजीकृत हैं, जिनमें 90,088 पुरुष, 85,371 महिलाएं और 10 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चला और इसके लिए कुल 194 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सभी वोटिंग ईवीएम में दर्ज हो चुकी है और अब 23 जून को होने वाली गणना का इंतजार है।

इस उपचुनाव में कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से चार दिग्गजों के बीच माना जा रहा है:

संजीव अरोड़ा (आम आदमी पार्टी)

भारत भूषण आशु (कांग्रेस)

जीवन गुप्ता (भारतीय जनता पार्टी)

परुपकार सिंह घुमन (शिरोमणि अकाली दल)

यह उपचुनाव विधायक गुरप्रीत गोगी की मृत्यु के कारण कराया गया है। गोगी की 14 जनवरी को गोली लगने से मौत हो गई थी, जिससे यह सीट खाली हो गई थी। इसके बाद चुनाव आयोग ने 25 मई को उपचुनाव की घोषणा की।

जनता ने अब अपने प्रतिनिधि को चुन लिया है, और अब सभी की नजरें 23 जून को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि लुधियाना पश्चिम की जनता किसे अपना अगला विधायक चुनती है।