अमृतसर पुलिस ने बीएसएफ और राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पाकिस्तान से भारत लाई गई 60 किलो से ज्यादा हेरोइन जब्त की गई। यह नशा राजस्थान के बाड़मेर ज़िले में भारत-पाक सीमा के पास से पकड़ा गया।
इस मामले में पुलिस ने जम्मू के सिंबल कैंप निवासी 50 वर्षीय प्रशोतम सिंह उर्फ काला को गिरफ्तार किया है, जो 2000 में दिल्ली के पहाड़गंज बम धमाके में भी शामिल रहा है। उसके अलावा गगनदीप सिंह (23), जशनप्रीत सिंह (20), गुरसाहिब सिंह (25), राजीव पंजगोत्रा (29), सोमनाथ (62), कुलविंदर सिंह (24) और राजिंदर कौर (42) को भी गिरफ्तार किया गया है। इन सभी पर हवाला और ड्रग तस्करी के आरोप हैं।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह रैकेट पाकिस्तान के तस्कर तनवीर शाह और कनाडा में बैठे जोबन कालर द्वारा चलाया जा रहा था। जोबन पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है। जेल में बंद गुरसाहिब सिंह इस रैकेट का लोकल किंगपिन है, जो गोइंदवाल जेल में रहते हुए मोबाइल फोन के जरिए पूरे नेटवर्क को चला रहा था।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुरसाहिब के भतीजे जशनप्रीत और साथी गगनदीप के ज़रिए यह गिरोह हेरोइन की तस्करी कर रहा था। इनसे पूछताछ के दौरान पूरी साजिश सामने आई और पुलिस ने राजस्थान के बाड़मेर से 60 किलो हेरोइन जब्त कर ली।
इस मामले में हवाला के ज़रिए दुबई तक पैसे भेजने का नेटवर्क भी उजागर हुआ है। पुलिस अब इस पूरे रैकेट की गहराई से जांच कर रही है।