पंजाब के अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु क्षेत्र में आज दिनदहाड़े हुई गोलीबारी ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है. शिरोमणि अकाली दल के मौजूदा काउंसलर हरजिंदर सिंह की हत्या कर दी गई है. पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल केस में तीन मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है, जिनमें अमित, गोपी और करण कीड़ा के नाम सामने आए हैं.
हरजिंदर सिंह किसी पारिवारिक कार्यक्रम में भाग लेने अमृतसर आए हुए थे. दोपहर के वक्त जब वह कार्यक्रम से बाहर निकले, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. चश्मदीदों के मुताबिक हमलावरों ने बेहद प्रोफेशनल अंदाज में वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए. हरजिंदर सिंह को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें तीन से चार गोलियां लगी थीं.
घटना के बाद अमृतसर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी और जांच में तेजी लाई। पुलिस ने तीन संदिग्धों की पहचान की है-अमित, गोपी और करण कीड़ा. इनकी तलाश में प्रदेशभर में छापेमारी जारी है और इनकी तस्वीरें भी जारी कर दी गई हैं ताकि आम जनता भी पहचान में मदद कर सके.
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि इस हत्या के तार कृष्ण गैंग से जुड़े हो सकते हैं. इस सिलसिले में गैंग से जुड़े दो शूटरों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उनके पास से दो पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इनसे गहन पूछताछ की जा रही है.
फिलहाल हत्या के पीछे की मंशा को लेकर पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है-चाहे वो राजनीतिक रंजिश हो, पुरानी दुश्मनी या फिर गैंगवार से जुड़ा कोई मामला. हरजिंदर सिंह की राजनीतिक सक्रियता और लोकप्रियता को देखते हुए हत्या को हल्के में नहीं लिया जा रहा.
यह वारदात न सिर्फ अमृतसर बल्कि पूरे पंजाब के लिए एक बड़ा झटका है. जंडियाला गुरु इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस पर जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने का दबाव है. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस केस में बड़ा खुलासा किया जाएगा.