Logo

नशे में बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट! बंद कमरे से बहता खून देख दहशत में आए लोग

Punjab Crime News: फोकल प्वाइंट इलाके में एक युवक ने नशे की हालत में अपने पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी. मामूली बहस के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया है.

👤 Ashwani Kumar 16 Feb 2026 11:28 AM

Punjab News: फोकल प्वाइंट क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने इंसानियत और पारिवारिक रिश्तों को झकझोर कर रख दिया. ढंडारी खुर्द की दीप कॉलोनी में एक युवक ने नशे की हालत में अपने ही पिता की हत्या कर दी. मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया और बेटे ने रसोई में रखे चाकू से अपने पिता पर जानलेवा हमला कर दिया.

मामूली विवाद बना मौत की वजह

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 44 वर्षीय सिकंदर चौहान अपने 25 साल के बेटे उमेश चौहान के साथ किराए के मकान में रहते थे. रविवार शाम करीब चार बजे उमेश नशे की हालत में घर पहुंचा. घर आते ही पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई. शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे और दोनों को शांत कराया.

पड़ोसियों को लगा कि मामला खत्म हो गया है, लेकिन कुछ ही देर बाद कमरे के अंदर स्थिति बिगड़ गई. गुस्से में आकर उमेश ने रसोई का चाकू उठाया और अपने पिता की गर्दन पर कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने के कारण सिकंदर की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया.

खून बहता देख खुला राज

इस दर्दनाक घटना का पता तब चला जब कमरे का दरवाजा बंद होने के बावजूद नीचे से खून बहकर बाहर गली में आने लगा. यह दृश्य देखकर पड़ोसियों के होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटनास्थल से सबूत जुटाए गए और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया.

गिरफ्तारी के बाद बदलते बयान

पुलिस ने कुछ ही समय में आरोपी उमेश को पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के समय वह अभी भी नशे के प्रभाव में था. शुरुआती पूछताछ में उसने दावा किया कि उसके पिता उसकी पत्नी को परेशान करते थे, इसलिए उसने यह कदम उठाया.

हालांकि पुलिस इस दावे को संदेह की नजर से देख रही है, क्योंकि उसकी पत्नी और मां फिलहाल उत्तर प्रदेश के एक गांव में रहती हैं, न कि लुधियाना में. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बार-बार अपने बयान बदल रहा है, जिससे सच्चाई सामने लाने में समय लग सकता है.

नशे की लत या कोई और वजह?

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है. फिलहाल वह नशे के असर में है, इसलिए पूरी तरह होश में आने के बाद उससे दोबारा विस्तृत पूछताछ की जाएगी.