Logo

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर CM भगवंत मान ने दी शुभकामनाएं

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदेशवासियों और दुनिया भर की संगत को शुभकामनाएं दीं।

👤 Saurabh 05 Nov 2025 11:00 AM

सिख धर्म के पहले गुरु और संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। इस खास दिन पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों को बधाई दी और श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेककर अरदास की।

CM मान ने सोशल मीडिया पर दी बधाई

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स (Twitter) पर पोस्ट कर कहा, “समूचे संसार को पहले पातशाह श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की लख-लख बधाई। उनके बताए मार्ग पर चलकर हम दुनिया में शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश फैलाएं।”

हरमंदिर साहिब में किया दर्शन

प्रकाश पर्व के मौके पर भगवंत मान श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे। माथा टेकने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा,“मैं गुरु नानक देव जी से यह अरदास करता हूँ कि पंजाब तरक्की करे, यहां के लोगों को अच्छी सेहत और सुख-शांति मिले। यह धरती शहीदों की धरती है, इसे हमेशा खुशहाल होना चाहिए।”

उन्होंने यह भी कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएँ किरत करो (मेहनत से कमाओ), नाम जपो (ईश्वर को याद करो) और वंड छको (अपनी कमाई दूसरों से बांटो) आज भी पूरी मानवता को सही राह दिखाती हैं।

मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भी किए दर्शन

पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी श्री हरमंदिर साहिब पहुँचे। उन्होंने कहा, “मैं गुरु साहिब से पंजाब ही नहीं बल्कि पूरे देश और दुनिया की तरक्की और शांति की दुआ करता हूँ।”

देश भर में प्रभात फेरियों का आयोजन

प्रकाश पर्व पर पंजाब सहित देश के कई हिस्सों में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रयागराज और कई शहरों में संगत ने भजन-कीर्तन और “सर्व मानव एक समान” का संदेश देते हुए गुरु के उपदेशों का प्रचार किया।