पंजाब में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। खासकर गुरदासपुर और पठानकोट जिलों में बाढ़ का असर ज्यादा देखा जा रहा है। हालात का जायजा लेने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को इन जिलों का दौरा किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर लोगों से सीधे मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव मदद करेगी और किसी को भी अकेले मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खास पहल दिखाते हुए अपने सरकारी हेलीकॉप्टर को भी गुरदासपुर में ही छोड़ दिया, ताकि उसे राहत और बचाव कार्यों में इस्तेमाल किया जा सके। उन्होंने साफ कहा कि हेलीकॉप्टर चौबीसों घंटे ज़रूरतमंदों की मदद के लिए तैयार रहेगा।
मान ने कहा, "प्राकृतिक आपदाएँ किसी के बस में नहीं होतीं। लेकिन सरकार की ज़िम्मेदारी है कि वह अपने नागरिकों को हर तरह का सहयोग दे। हर जान हमारे लिए कीमती है।" उन्होंने लोगों से हिम्मत बनाए रखने और धैर्य रखने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि बाढ़ से हुए नुकसान की पूरी भरपाई सरकार करेगी। उन्होंने कहा, "हमने वादा किया था कि किसी को भी नुकसान अकेले नहीं झेलना पड़ेगा। हर किसान, हर परिवार और हर प्रभावित व्यक्ति की मदद की जाएगी। बहुत जल्द हालात सामान्य हो जाएंगे।"
गौरतलब है कि गुरदासपुर और पठानकोट में लगातार बारिश और नदियों में बढ़ते पानी की वजह से कई गाँव डूब चुके हैं। बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुँचे हैं। राहत और बचाव कार्य ज़ोरों पर है, लेकिन बाढ़ का असर इतना व्यापक है कि प्रशासन को अतिरिक्त संसाधनों की ज़रूरत पड़ रही है। मुख्यमंत्री का यह कदम प्रभावित परिवारों के लिए उम्मीद की एक किरण माना जा रहा है।