Chandigarh School Bomb Threat: आज सुबह चंडीगढ़ में अचानक हड़कंप मच गया जब शहर के कई बड़े निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के माध्यम से प्राप्त हुई। सेक्टर 41, 45 और 47 के चार-पांच प्रमुख स्कूलों को यह धमकी भेजी गई, जिससे स्कूल प्रशासन और पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई।
धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्कूल परिसरों की पूरी जांच की जा रही है और संभावित खतरे का आकलन किया जा रहा है। धमकी मिलने के बाद कई अभिभावक स्कूलों के बाहर पहुंच गए, जिससे परिसर के बाहर भी काफी हलचल देखने को मिली। पुलिस ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
चंडीगढ़ में धमकी मिलने के बाद आज ही जालंधर में भी स्कूलों को बम धमाके की चेतावनी मिली। यहां डीपीएस स्कूल, मायर वर्ल्ड स्कूल और एमजीएन स्कूल जैसे प्रतिष्ठित स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी दी गई। इसके बाद जालंधर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और स्कूल परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए और कईयों ने स्कूल पहुंचकर अपने बच्चों की जानकारी ली। स्कूल प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए और छात्रों को सुरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध ईमेल या संदेश की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। साथ ही, किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की सलाह भी दी गई है।
चंडीगढ़ और जालंधर में यह घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती साबित हो रही हैं। फिलहाल, स्कूलों की सुरक्षा बढ़ाई गई है और पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर टीम के साथ मिलकर काम कर रही है।