Logo

पंजाब में कैबिनेट फेरबदल तय! संजीव अरोड़ा को मिलेगा मंत्री पद, नए चेहरे भी शामिल

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संकेत दिया है कि लुधियाना पश्चिम सीट से चुनाव जीतने वाले संजीव अरोड़ा को जल्द ही मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला पहले से तय था

👤 Saurabh 24 Jun 2025 06:41 PM

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार एक बार फिर बड़े राजनीतिक बदलाव की तैयारी कर रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राजभवन जाकर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि ये मुलाकात सिर्फ शिष्टाचार के तौर पर हुई, इसमें कोई खास बातचीत नहीं हुई। इसके साथ ही सीएम मान ने बताया कि पंजाब में जल्द ही कैबिनेट का विस्तार होगा और संजीव अरोड़ा को मंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अरविंद केजरीवाल राज्यसभा नहीं जाएंगे, बल्कि जो "पंजाब की बात" करेगा, वही राज्यसभा जाएगा।

इस समय कैबिनेट में दो जगह खाली हैं। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को एक चिट्ठी भी दी है जिसमें उन्होंने चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के लिए दफ्तर की जगह मांगी है। क्योंकि AAP अब एक राष्ट्रीय पार्टी है और बाकी सभी राष्ट्रीय पार्टियों के पास वहां दफ्तर हैं, इसलिए आम आदमी पार्टी को भी जगह मिलनी चाहिए।

लुधियाना वेस्ट उपचुनाव में AAP के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने जीत हासिल की है। चुनाव नतीजों के बाद सीएम भगवंत मान ने रोड शो किया, जिसमें संजीव अरोड़ा और पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए।

संजीव अरोड़ा ने अपनी जीत पर लोगों, पार्टी और परिवार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी मंत्री पद की मांग नहीं की है और जो भी पार्टी कहेगी, वे वही करेंगे।

चुनाव नतीजे:

संजीव अरोड़ा (AAP) को 35,179 वोट मिले

भारत भूषण आशु (कांग्रेस) को 24,542 वोट

जीवन गुप्ता (BJP) को 20,323 वोट

परुपकर सिंह घुमन (SAD) को 8,203 वोट

AAP ने इस सीट पर अपनी जीत बरकरार रखी और कांग्रेस को 10,637 वोटों के अंतर से हराया।