Logo

पंजाब सरकार का बड़ा फैसला: मिड-डे मील कर्मचारियों को मिलेगा 16 लाख का बीमा कवर

पंजाब सरकार ने बड़ा फ़ैसला लिया है अब राज्य के सभी मिड-डे मील (पौष्टिक मध्याह्न भोजन) के रसोइया-कम‑सहायकों को बीमा सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

👤 Golu Dwivedi 27 Jun 2025 12:29 PM

पंजाब सरकार ने सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील योजना के तहत काम करने वाले कर्मचारियों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने केनरा बैंक के साथ साझेदारी करते हुए एक व्यापक बीमा योजना शुरू की है, जिससे 44,301 मिड-डे मील कुक-कम-हेल्पर्स को सुरक्षा और वित्तीय लाभ मिलेंगे।

गुरुवार को शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और स्कूल शिक्षा विभाग की सचिव अनिंदिता मित्रा (आईएएस) की उपस्थिति में प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय (मिड-डे मील) और केनरा बैंक, चंडीगढ़ के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

योजना की खास बातें:

इस योजना के तहत मिड-डे मील कर्मचारियों को कई प्रकार की बीमा सुविधाएं दी जाएंगी।

प्राकृतिक कारणों से मृत्यु पर: ₹1 लाख का बीमा कवर

दुर्घटना में मृत्यु पर: ₹16 लाख तक का बीमा

हवाई दुर्घटना में मृत्यु पर: ₹18 लाख तक का बीमा

इसके साथ ही, इस योजना के अंतर्गत खाताधारकों को बिना किसी शर्त के परेशानी मुक्त बैंकिंग सुविधा भी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, उन्हें ₹10,000 या पिछले महीने के सकल वेतन का 50% तक की तत्काल ओवरड्राफ्ट की सुविधा भी मिलेगी, जिससे किसी आपात स्थिति में मदद मिल सके।

शिक्षा मंत्री बैंस ने कहा कि यह बीमा योजना राज्य सरकार की उन नीतियों का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य जमीनी स्तर पर काम कर रहे कर्मचारियों को सुरक्षा देना और उनका सामाजिक दर्जा मजबूत करना है। सरकार का यह कदम मिड-डे मील कर्मचारियों के प्रति उसके संवेदनशील दृष्टिकोण को दर्शाता है।