Logo

AI से श्री हरिमंदर साहिब की बेअदबी? वायरल वीडियो पर भड़की संगत, सख्त कार्रवाई की उठी मांग!

Golden Temple controversy: सोशल मीडिया पर वायरल एक AI-निर्मित वीडियो में श्री हरिमंदर साहिब की मर्यादा से छेड़छाड़ का आरोप लगा है. अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने इसे सिख-विरोधी साजिश बताते हुए कड़ी निंदा की और सरकार से दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की.

👤 Ashwani Kumar 17 Feb 2026 01:40 PM

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर सच्चखंड श्री हरिमंदर साहिब की मर्यादा को कथित रूप से ठेस पहुंचाई गई है. वीडियो में एक कार को परिक्रमा में चलते हुए और कुछ लोगों को जूतों सहित परिसर में दिखाया गया है.

इस वीडियो को लेकर सिख समुदाय में नाराजगी देखी जा रही है. श्रद्धालुओं का कहना है कि इस तरह की सामग्री धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली है.

सिंह साहिब की कड़ी प्रतिक्रिया

अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने इस घटना की सख्त शब्दों में निंदा की है. उन्होंने इसे सिख-विरोधी ताकतों की साजिश बताया. उनका कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की कोशिश की गई हो.

उन्होंने कहा कि सच्चखंड श्री हरिमंदर साहिब पूरी मानवता की आस्था का केंद्र है, जहां हर धर्म और जाति के लोगों का समान रूप से स्वागत किया जाता है. ऐसे पवित्र स्थल के बारे में तकनीक का गलत इस्तेमाल करना बेहद निंदनीय है.

सरकार से कार्रवाई की मांग

ज्ञानी रघबीर सिंह ने पंजाब और केंद्र सरकार से इस मामले में सख्त कदम उठाने की मांग की है. उनका कहना है कि ऐसे तत्वों को पकड़ना मुश्किल नहीं है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से इनके हौसले बढ़ रहे हैं.

उन्होंने प्रशासन से अपील की कि दोषियों की पहचान कर उन्हें कानून के तहत सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे.

संगत से खास अपील

सिंह साहिब ने सिख संगत और आम लोगों से अपील की है कि ऐसी आपत्तिजनक वीडियो को न तो डाउनलोड करें और न ही शेयर करें. उनका कहना है कि इस तरह की सामग्री को आगे बढ़ाने से ही यह ज्यादा लोगों तक पहुंचती है.

उन्होंने सुझाव दिया कि अगर किसी के पास ऐसी वीडियो आती है, तो उसे तुरंत रिपोर्ट किया जाए और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने से रोका जाए.