Logo

केजरीवाल नहीं तो किसकी होगी पंजाब में राज्यसभा की Entry? चर्चा में सबसे आगे मनीष सिसोदिया

संजीव अरोड़ा की उपचुनाव में जीत के बाद उनकी राज्यसभा सीट खाली होनी तय है. केजरीवाल ने खुद को रेस से बाहर बताकर सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है. अब लुधियाना के दो बड़े उद्योगपतियों के नाम चर्चा में हैं.

👤 Sagar 24 Jun 2025 12:34 PM

पंजाब के हलका वेस्ट उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा की जीत के बाद अब राज्यसभा सीट को लेकर नई राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं. पहले अटकलें थीं कि अरोड़ा को उपचुनाव में उतारकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए राज्यसभा का रास्ता तैयार किया जा रहा है, लेकिन अब केजरीवाल ने खुद यह स्पष्ट कर दिया है कि वे राज्यसभा नहीं जा रहे हैं.

अरोड़ा की जीत के साथ ही यह तय माना जा रहा है कि वह राज्यसभा से इस्तीफा देंगे, जिससे एक सीट खाली हो जाएगी. इस सीट पर किसे भेजा जाएगा, इसका फैसला आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति आने वाले दिनों में करेगी. चुनाव प्रचार के दौरान केजरीवाल सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी थी, लेकिन अब अचानक राजनीतिक गलियारों में इस पर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

क्या राज्यसभा फिर किसी उद्यमी के पास जाएगी?

संजीव अरोड़ा को आम आदमी पार्टी ने पहले भी 'उद्यमी कोटे' से राज्यसभा भेजा था. अब उनके इस्तीफे के बाद एक बार फिर लुधियाना के दो बड़े उद्यमियों के नाम चर्चा में हैं। ये दोनों उद्योगपति न केवल संजीव अरोड़ा के करीबी माने जाते हैं, बल्कि पहले भी सरकारी पदों पर रह चुके हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बार भी राज्यसभा की यह सीट किसी प्रभावशाली उद्योगपति को देने की रणनीति पर विचार किया जा रहा है, ताकि वित्तीय और कारोबारी सहयोग पार्टी को मिलता रहे.

विपक्ष ने उठाया था सवाल, अब केजरीवाल ने किया इंकार

उपचुनाव के दौरान कांग्रेस और अकाली-भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी को घेरा था. विपक्ष का आरोप था कि अरोड़ा की उम्मीदवारी केवल एक राजनीतिक चाल है ताकि केजरीवाल को राज्यसभा भेजा जा सके. लेकिन अब जब केजरीवाल ने साफ किया है कि वह राज्यसभा नहीं जा रहे, तो विपक्ष भी चौंक गया है. केजरीवाल ने कहा, संजीव अरोड़ा के इस्तीफे के बाद जो सीट खाली होगी, उस पर किसे भेजना है, यह फैसला पार्टी की सियासी मामलों की समिति करेगी.

संजीव अरोड़ा की जीत के बाद आम आदमी पार्टी में राज्यसभा सीट को लेकर नए समीकरण बनते दिख रहे हैं. केजरीवाल द्वारा खुद को दौड़ से बाहर बताने के बावजूद पार्टी के भीतर एक नाम को लेकर सहमति बन रही है, जिसे जल्द सामने लाया जा सकता है. अब देखना ये होगा कि क्या एक बार फिर कोई उद्योगपति उच्च सदन की सीढ़ी चढ़ेगा या पार्टी कोई चौंकाने वाला नाम सामने लाएगी.