लुधियाना वेस्ट विधानसभा क्षेत्र से नव-निर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा ने आज पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां के समक्ष पद और गोपनीयता की शपथ ली. अरोड़ा इससे पहले पंजाब से राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं और अब वह विधायक के तौर पर सक्रिय राजनीति में नई पारी शुरू कर रहे हैं. इस शपथ ग्रहण समारोह में आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान की गैरमौजूदगी ने सभी का ध्यान खींचा. जबकि सरकार की ओर से पहले उनके शामिल होने की पुष्टि की गई थी.
शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में अरोड़ा ने कहा, “मैं जनता की भलाई के लिए काम करूंगा. मुझे जनता ने जिस विश्वास के साथ चुना है, मैं उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा. जब उनसे पूछा गया कि उन्हें कैबिनेट में कब शामिल किया जाएगा, तो उन्होंने मुस्कराते हुए जवाब दिया, “मैं एक-एक कदम आगे बढ़ाने में विश्वास रखता हूं.
जहां एक ओर समारोह में आप प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा, वित्त मंत्री हरपाल चीमा और पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया जैसे बड़े नेता मौजूद रहे, वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान की अनुपस्थिति ने कई सवाल खड़े किए. हालांकि, मुख्यमंत्री ने मंगलवार को यह घोषणा की थी कि संजीव अरोड़ा को शुक्रवार या शनिवार तक मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया जाएगा, लेकिन पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के 2 जुलाई तक उदयपुर दौरे पर होने के कारण यह कैबिनेट विस्तार टल गया है.
संजीव अरोड़ा की राजनीति में साफ-सुथरी छवि और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए आम आदमी पार्टी में उनकी भूमिका और अहम मानी जा रही है। उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने से पार्टी को प्रशासनिक मजबूती मिल सकती है.