Logo

उद्योग जगत को मान सरकार का बड़ा तोहफा, 45 दिन में मंजूरी अब पक्की!

पंजाब सरकार ने राज्य के उद्योग जगत को बड़ी राहत देते हुए 'फास्ट ट्रैक पंजाब' पोर्टल लॉन्च किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप नेता अरविंद केजरीवाल ने इस पोर्टल की शुरुआत की, जिसका मकसद उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाना है।

👤 Saurabh 24 Jun 2025 04:28 PM

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 'फास्ट ट्रैक पंजाब' पोर्टल लॉन्च किया है। इस पोर्टल के ज़रिए अब कारोबारियों को पंजाब में उद्योग लगाने की मंजूरी सिर्फ 45 दिनों के अंदर मिल सकेगी। इससे उद्योग लगाने की प्रक्रिया पहले से काफी आसान हो जाएगी।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह फैसला लंबे समय से जरूरी था और इससे राज्य के उद्योग जगत को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि छोटे और बड़े सभी तरह के उद्योगों को सहयोग मिले ताकि राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ें और नशे की समस्या कम हो।

मुख्यमंत्री ने कारोबारियों से अपील की कि वे इस पोर्टल का ज़्यादा से ज़्यादा लाभ उठाएं और पंजाब को उद्योगों का अग्रणी राज्य बनाने में सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार स्किल डेवलपमेंट (कौशल विकास) पर भी काम कर रही है, ताकि पंजाब के युवाओं को अच्छी ट्रेनिंग मिल सके और उद्योगों को यहीं से कुशल श्रमिक मिलें।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी नीयत साफ है और जब नीयत अच्छी होती है तो सब कुछ ठीक होता है।” उन्होंने पंजाबियों की दरियादिली की तारीफ करते हुए कहा कि पंजाब की धरती कभी किसी को भूखा नहीं मरने देती, और दुनिया में जब भी कोई विपत्ति आती है, सबसे पहले पंजाब का लंगर पहुंचता है।

विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने लगभग हर वर्ग को दुखी किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार व्यापारियों के साथ खड़ी है, और जो भी राज्य में ईमानदारी से काम करना चाहता है, सरकार उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी।