Logo

कानून की पढ़ाई कर रही थी, दरिंदों ने बना दिया शिकार – कॉलेज बना क्राइम सीन

कोलकाता के एक लॉ कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा के साथ कथित तौर पर गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना 25 जून की है, जिसमें पीड़िता के अनुसार, एक पूर्व छात्र ने कॉलेज के गार्डरूम में उसके साथ बलात्कार किया।

👤 Saurabh 27 Jun 2025 03:35 PM

कोलकाता के साउथ इलाके में स्थित एक लॉ कॉलेज में एक छात्रा से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 25 जून को कॉलेज परिसर में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में एक पूर्व छात्र भी शामिल है।

क्या है मामला?

पीड़िता का आरोप है कि मुख्य आरोपी मोनोजित मिश्रा ने उसे जबरन पकड़कर कॉलेज के गार्ड रूम में ले जाकर दुष्कर्म किया। उसी दौरान बाकी दो आरोपी बाहर पहरा दे रहे थे और उसे भागने से रोकने में मदद कर रहे थे। यह घटना रात 7:30 बजे से 8:50 बजे के बीच की बताई गई है।

पुलिस की कार्रवाई:

तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं।

जिस गार्ड रूम में घटना हुई, उसे सील कर दिया गया है।

फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं।

सभी आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

आरोपी कौन हैं?

मुख्य आरोपी मोनोजित मिश्रा खुद को तृणमूल कांग्रेस (TMC) की छात्र इकाई का पूर्व अध्यक्ष बताता है और फिलहाल कोलकाता के अलीपुर कोर्ट में क्रिमिनल वकील के रूप में काम करता है। हालांकि TMC की छात्र इकाई के राज्य अध्यक्ष ने कहा कि वह संगठन में कभी किसी महत्वपूर्ण पद पर नहीं रहा।

इस पर राजनीति भी शुरू

विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने TMC सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, “पश्चिम बंगाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। मुख्यमंत्री इस घटना को भी छोटी घटना बताकर मुआवजा देने की बात करेंगी, उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।”

TMC प्रवक्ता जय प्रकाश मजूमदार ने जवाब देते हुए कहा, “ऐसी घटनाओं पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। हमें मिलकर इस सामाजिक बुराई के खिलाफ लड़ना चाहिए।”

पिछली घटना की याद:

ये घटना RG Kar मेडिकल कॉलेज में हुई एक महिला डॉक्टर के रेप और हत्या की घटना के कुछ महीनों बाद सामने आई है। उस मामले में आरोपी संजय रॉय को उम्रकैद की सजा मिल चुकी है।

यह मामला राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। अब देखना है कि पुलिस इस केस में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और पीड़िता को न्याय कब तक मिलता है।