दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस बार अपना 51वां जन्मदिन अपने पैतृक गांव नंदगढ़ (हरियाणा के जुलाना, जिला जींद) में मनाया। यह उनका मुख्यमंत्री बनने के बाद गांव का पहला दौरा था। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उनके साथ मौजूद रहे।
रेखा गुप्ता ने कहा कि यह दिन उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा, "आज जन्मभूमि पर आकर बहुत अच्छा लग रहा है। मुझे लगा कि इस खास दिन पर मुझे अपनी मिट्टी को नमन करना चाहिए।" उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अपने परिवार का आभार जताया और कहा कि सभी ने उन्हें बहुत स्नेह और आशीर्वाद दिया।
इस मौके पर रेखा गुप्ता और नायब सिंह सैनी ने गांव नंदगढ़ में एक ई-लाइब्रेरी और एक इनडोर जिम का उद्घाटन किया। साथ ही दोनों नेताओं ने महाराजा अग्रसेन धर्मशाला का उद्घाटन भी किया।
सभा को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने अपने पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अब तक आठ चुनाव लड़े हैं — दो विश्वविद्यालय, तीन नगर निगम और तीन विधानसभा चुनाव। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा परिवार और समाज का साथ मिला है, खासकर हरियाणा के लोगों का।
रेखा गुप्ता ने कहा, "जब भी मैंने दिल्ली में चुनाव लड़ा, हरियाणा के हर कोने से लोगों ने मेरा साथ दिया। आज इस मंच से मैं सभी का धन्यवाद करती हूं।" उन्होंने यह भी कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही ऐसा मंच है, जहां एक साधारण परिवार का बेटा या बेटी देश और राज्य के शीर्ष पदों तक पहुंच सकता है।
उन्होंने गर्व से कहा कि वह दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं, लेकिन उनकी ‘कर्मभूमि दिल्ली है और जन्मभूमि हरियाणा’। रेखा गुप्ता ने नायब सिंह सैनी को अपना "बड़ा भाई" बताते हुए उनके विकास कार्यों की जमकर तारीफ की और हरियाणा सरकार का धन्यवाद किया।