Logo

WPL 2026: महिला क्रिकेट का सबसे बड़ा शो! हनी सिंह-जैकलीन की परफॉर्मेंस के साथ MI vs RCB से होगा सीजन ओपन

WPL 2026 Opening Ceremony: महिला प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 9 जनवरी को नवी मुंबई में भव्य ओपनिंग सेरेमनी के साथ होगी. इस खास शाम में यो यो हनी सिंह और जैकलीन फर्नांडिस की परफॉर्मेंस के साथ बॉलीवुड का तड़का लगेगा.

👤 Ashwani Kumar 09 Jan 2026 11:04 AM

WPL 2026 Opening Ceremony: महिला क्रिकेट का सबसे बड़ा घरेलू टूर्नामेंट विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 एक बार फिर फैंस के लिए जबरदस्त मनोरंजन लेकर आ रहा है. इस बार WPL का चौथा सीजन सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसकी शुरुआत एक भव्य ओपनिंग सेरेमनी के साथ होगी, जिसमें बॉलीवुड और म्यूजिक का ग्लैमर भी देखने को मिलेगा. 9 जनवरी को होने वाली इस ओपनिंग सेरेमनी के साथ ही टूर्नामेंट का आगाज होगा और पहले ही दिन फैंस को बड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा.

9 जनवरी को नवी मुंबई में होगी ओपनिंग सेरेमनी

WPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी 9 जनवरी, शुक्रवार को नवी मुंबई के मशहूर डीवाई पाटिल स्टेडियम में आयोजित की जाएगी. जानकारी के मुताबिक, यह रंगारंग कार्यक्रम मैच शुरू होने से करीब एक घंटे पहले यानी शाम 6:30 बजे शुरू होगा. इसके बाद शाम 7:30 बजे से पहला मुकाबला खेला जाएगा.

इस पहले मैच में पिछली चैंपियन मुंबई इंडियंस का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा, जिससे टूर्नामेंट की शुरुआत और भी रोमांचक हो जाएगी.

टीवी और मोबाइल पर ऐसे देखें लाइव

जो फैंस स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, वे घर बैठे इस शानदार ओपनिंग सेरेमनी और मैच का मजा ले सकते हैं. भारत में इसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. वहीं मोबाइल और ऑनलाइन दर्शकों के लिए जियोसिनेमा ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी.

बॉलीवुड सितारों से सजेगा मंच

इस बार BCCI ने ओपनिंग सेरेमनी को खास बनाने के लिए बड़े बॉलीवुड सितारों को आमंत्रित किया है. मशहूर रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह अपने हिट गानों से स्टेडियम में जोश भरेंगे. वहीं, जैकलीन फर्नांडिस अपने डांस परफॉर्मेंस से समां बांधेंगी.

इसके अलावा मिस यूनिवर्स 2021 हरनाज संधू की मौजूदगी भी इस इवेंट को और खास बना देगी. माना जा रहा है कि यह सेरेमनी महिला खिलाड़ियों की ताकत, आत्मविश्वास और मेहनत को समर्पित होगी.

WPL 2026 का फॉर्मेट और टीमें

इस सीजन में कुल 5 टीमें हिस्सा ले रही हैं:

  • मुंबई इंडियंस
  • रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
  • दिल्ली कैपिटल्स
  • गुजरात जायंट्स
  • यूपी वॉरियर्स.

पूरे टूर्नामेंट में 22 मुकाबले खेले जाएंगे. शुरुआती मैच नवी मुंबई में होंगे, जबकि लीग के अहम मुकाबले, प्लेऑफ और फाइनल वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे. 5 फरवरी को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा.

हर सीजन के साथ बढ़ता रोमांच

हर साल WPL की लोकप्रियता बढ़ती जा रही है. नए कप्तान, इंटरनेशनल स्टार खिलाड़ी और उभरती हुई भारतीय प्रतिभाएं इस टूर्नामेंट को और खास बना रही हैं. WPL 2026 से फैंस को फिर एक बार चौके-छक्कों, कड़े मुकाबलों और यादगार पलों की उम्मीद है.