Logo

सुपर-8 में आज होगा बड़ा धमाका! दो हाई-वोल्टेज मुकाबले तय करेंगे सेमीफाइनल की राह, किसका टूटेगा जीत का सिलसिला?

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण में आज दो बड़े मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर में श्रीलंका और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे, जबकि शाम को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हाई-वोल्टेज मैच होगा। दोनों मुकाबले सेमीफाइनल की दौड़ के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।

👤 Ashwani Kumar 22 Feb 2026 10:51 AM

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 दौर शनिवार से शुरू हो गया है। लेकिन पहला मैच बिना खेले ही रद्द हो गया। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला होना था, पर बारिश की वजह से एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। इसलिए दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया। सुपर-8 का यह दौर 1 मार्च तक चलेगा। इसमें कुल 8 टीमें पहुंची हैं। इन टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है और हर ग्रुप में 4-4 टीमें हैं। हर टीम अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों से खेलेगी। जो दो टीमें अंक तालिका में सबसे ऊपर रहेंगी, वे सेमीफाइनल में जाएंगी।

श्रीलंका बनाम इंग्लैंड: दोपहर का मैच

ग्रुप 2 में आज श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच मुकाबला होगा। यह मैच कैंडी के पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 3 बजे शुरू होगा और टॉस 2:30 बजे होगा। दोनों टीमों ने ग्रुप स्टेज में 4 में से 3 मैच जीते थे और अच्छी खेल दिखाकर सुपर-8 में जगह बनाई। हाल के मैचों में इंग्लैंड की टीम थोड़ी संघर्ष करती नजर आई है। वहीं श्रीलंका भी अपना पिछला मैच हार चुकी है, जिससे उसका आत्मविश्वास थोड़ा कम हो सकता है।

लेकिन अपने घर में खेलने का फायदा श्रीलंका को मिल सकता है। यह मैच स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकेगा और जियोहॉटस्टार ऐप पर लाइव देखा जा सकता है।

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका

ग्रुप 1 में सबसे बड़ा मैच भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा और टॉस 6:30 बजे होगा। दोनों टीमें अब तक इस टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी हैं। इसलिए आज किसी एक टीम की जीत का सिलसिला टूटेगा। दक्षिण अफ्रीका ने लीग चरण में इसी मैदान पर अपने दोनों मैच जीते थे।

भारत ने भी यहां अपना मैच जीत रखा है। इसलिए दोनों टीमों को इस मैदान का अनुभव है। यह मुकाबला भी स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और जियोहॉटस्टार ऐप व वेबसाइट पर लाइव देखा जा सकेगा।

सेमीफाइनल की दौड़

सुपर-8 में हर मैच बहुत जरूरी है। एक जीत टीम को सेमीफाइनल के करीब ले जा सकती है, जबकि एक हार मुश्किलें बढ़ा सकती है। इसलिए रविवार के दोनों मैच काफी अहम हैं। क्रिकेट फैंस के लिए यह दिन रोमांच से भरा रहेगा।