T20 World Cup Final: करीब एक महीने तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाली इस खिताबी भिड़ंत पर दुनिया भर के क्रिकेट फैंस की नजरें टिकी हुई हैं। दोनों टीमों ने ग्रुप स्टेज, सुपर-8 और सेमीफाइनल की कठिन चुनौतियों को पार कर फाइनल में अपनी जगह बनाई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ट्रॉफी किस टीम के नाम होती है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बड़ा प्राइज पूल तय किया है। इस बार पूरे टूर्नामेंट के लिए 13.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर की राशि रखी गई है। भारतीय मुद्रा में यह रकम 120 करोड़ रुपये से भी ज्यादा बैठती है।
अगर भारतीय टीम फाइनल मुकाबले में जीत हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर लेती है, तो उसे 3 मिलियन डॉलर की प्राइज मनी दी जाएगी। भारतीय करेंसी में यह रकम लगभग 27.48 करोड़ रुपये के बराबर है। यह इनाम खिलाड़ियों और टीम के लिए बड़ी उपलब्धि के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी बड़ा पुरस्कार माना जाता है।
फाइनल में हारने वाली टीम भी खाली हाथ नहीं लौटेगी। उपविजेता टीम को 1.6 मिलियन डॉलर यानी लगभग 14.65 करोड़ रुपये की प्राइज मनी दी जाएगी। इससे साफ है कि फाइनल तक पहुंचने वाली दोनों टीमों को उनके प्रदर्शन का अच्छा इनाम मिलेगा। सिर्फ फाइनलिस्ट ही नहीं, बल्कि सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली अन्य टीमों को भी अच्छी-खासी प्राइज मनी दी जाएगी। सेमीफाइनल में हारने वाली प्रत्येक टीम को लगभग 7.24 करोड़ रुपये मिलेंगे।
वहीं सुपर-8 चरण तक पहुंचने वाली लेकिन सेमीफाइनल में जगह न बना पाने वाली टीमों को करीब 3.48 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।
ग्रुप स्टेज में बाहर होने वाली टीमों को भी प्राइज मनी दी जाएगी। ऐसी प्रत्येक टीम को लगभग 2.29 करोड़ रुपये मिलेंगे। खास बात यह है कि इस बार की प्राइज मनी पिछले टी20 वर्ल्ड कप 2024 की तुलना में करीब 20 प्रतिशत ज्यादा रखी गई है, जिससे टूर्नामेंट की अहमियत और भी बढ़ गई है।