Abhishek Sharma, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। चार मैचों में केवल 15 रन बनाने के बाद उनके फैंस और क्रिकेट जानकारों में सवाल उठने लगे हैं। वहीं, हाल ही में सामने आई खबर ने उनके फॉर्म के पीछे की वजह को लेकर चर्चाओं को और बढ़ा दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले अभिषेक शर्मा को हाथ में गंभीर चोट लगी थी। टीम के ऑफिशियल फोटोशूट के दौरान उनके हाथ पर कट आया और उन्हें स्टिच (टांके) लगाने पड़े। चोट के बावजूद उन्होंने यूएसए के खिलाफ शुरुआती मैच में बल्लेबाजी की। इस मुकाबले में वे बिना रन बनाए आउट हो गए। ये कदम टीम मैनेजमेंट के फैसले पर सवाल भी खड़ा करता है, क्योंकि इतनी बड़ी चोट के साथ खेलने का जोखिम उठाना आसान नहीं होता।
अगले मैच में अभिषेक शर्मा नामीबिया के खिलाफ हिस्सा नहीं ले पाए। टीम ने बताया कि इसका कारण पेट में इंफेक्शन था। हालांकि, अब ये खबर सामने आई है कि असली वजह हाथ की चोट भी हो सकती है। यूएसए के मैच के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती भी होना पड़ा। इसके बाद उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ वापसी की।
अभिषेक शर्मा के लिए ये टूर्नामेंट मुश्किल साबित हो रहा है। चार मैचों में उन्होंने केवल 15 रन बनाए। इनमें से तीन मैचों में वे बिना खाता खोले यानी डक पर आउट हुए। साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही उनका बल्ला खड़ा हुआ। चोट की खबर के बाद फैंस और विशेषज्ञ उनके खराब फॉर्म को चोट से जोड़कर देख रहे हैं। ये साफ है कि यदि उनकी चोट गंभीर रही हो, तो प्रदर्शन पर इसका असर होना स्वाभाविक है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा का एक्सपीरिएंस और फॉर्म दोनों ही अब चुनौतीपूर्ण नजर आ रहे हैं। चोट और खराब फॉर्म की वजह से उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि आगामी मैचों में वह स्वस्थ होकर बेहतर खेल दिखाएं।