Ind vs NZ Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस खिताबी मुकाबले से पहले दोनों टीमों के कप्तानों के बीच बयानबाजी ने माहौल को और गर्म कर दिया है। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर के बयान के बाद अब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। दोनों टीमों के बीच मैदान पर मुकाबले से पहले शब्दों की टक्कर भी देखने को मिल रही है।
फाइनल मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा था कि उनका लक्ष्य भारतीय फैंस को शांत कराना है। उनका मानना है कि टी20 क्रिकेट में किसी भी समय मैच का रुख बदल सकता है। सैंटनर ने यह भी कहा कि अगर उनकी टीम इसी तरह अच्छा प्रदर्शन करती रही तो वह किसी भी मजबूत टीम को हराने की क्षमता रखती है। उन्होंने यह भी माना कि भारत अपने घरेलू मैदान और दर्शकों के सामने फाइनल खेल रहा है, इसलिए टीम इंडिया पर जीत का दबाव ज्यादा होगा।
न्यूजीलैंड कप्तान के बयान पर भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हर कोई बार-बार वही बात दोहरा रहा है। सूर्यकुमार यादव ने आगे कहा कि घरेलू दर्शकों के सामने वर्ल्ड कप का फाइनल खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए बेहद खास पल होता है।
मिचेल सैंटनर ने यह भी स्वीकार किया कि फाइनल में न्यूजीलैंड को शायद जीत का प्रबल दावेदार नहीं माना जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी टीम मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी।
अब क्रिकेट फैंस की नजरें 8 मार्च को होने वाले इस बड़े मुकाबले पर टिकी हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही टीमें पूरी ताकत के साथ उतरेंगी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि मैदान पर किस टीम का प्रदर्शन बेहतर रहता है और आखिरकार ट्रॉफी किसके हाथ लगती है।