टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में आज का मुकाबला बेहद निर्णायक साबित होने वाला है। श्रीलंका और पाकिस्तान आमने-सामने होंगी और इस मैच का नतीजा सीधे सेमीफाइनल की तस्वीर तय कर सकता है। ग्रुप-2 से दूसरे सेमीफाइनलिस्ट का फैसला काफी हद तक इसी मुकाबले पर टिका है। मैच श्रीलंका के पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां घरेलू टीम को परिस्थितियों का फायदा मिल सकता है।
अगर श्रीलंका यह मुकाबला जीत लेती है तो न्यूजीलैंड सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं पाकिस्तान के लिए हालात ज्यादा चुनौतीपूर्ण हैं। सिर्फ जीत काफी नहीं होगी, बल्कि बेहतर नेट रन रेट भी जरूरी है। यानी पाकिस्तान को बड़ें अंतर से मैच जीतना होगा। दोनों टीमों की मौजूदा स्थिति
पाकिस्तान का सुपर-8 में प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश की भेंट चढ़ गया, जबकि इंग्लैंड से करीबी मुकाबले में हार मिली। ऐसे में टीम के खाते में सिर्फ एक अंक है और अब उसके पास वापसी का यही आखिरी मौका है। दूसरी ओर, श्रीलंका भी इस चरण में संघर्ष करती दिखी है। उसे अब तक एक भी जीत नहीं मिली है। हालांकि घरेलू मैदान पर खेलते हुए टीम दमदार प्रदर्शन कर सम्मान बचाने की कोशिश करेगी।
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच अब तक 29 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें पाकिस्तान ने 17 मैच जीते हैं, जबकि श्रीलंका 12 बार सफल रही है। आंकड़ों के लिहाज से पाकिस्तान का पलड़ा भारी नजर आता है, लेकिन बड़े टूर्नामेंट में दबाव अक्सर समीकरण बदल देता है।
यह अहम मुकाबला आज शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। मैच का सीधा प्रसारण Star Sports नेटवर्क पर किया जाएगा। ऑनलाइन दर्शक इसे जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव देख सकते हैं।
पाकिस्तान: सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, फखर जमान, शाहीन अफरीदी, शादाब खान, नसीम शाह सहित अन्य खिलाड़ी।
श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), पाथुम निसांका, कुसल मेंडिस, चरिथ असलंका, महेश थीक्षाना, मथीशा पथिराना समेत मजबूत संयोजन।
अब सबकी नजरें पल्लेकेले पर टिकी हैं-कौन दबाव झेलेगा और कौन टूटेगा? सेमीफाइनल का रास्ता आज साफ हो जाएगा।