Logo

MI VS DC: वानखेड़े में दिखा नीला समंदर, प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बनी मुंबई इंडियंस

आईपीएल 2025 के 63वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 59 रनों से हराकर जोरदार जीत दर्ज की। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में दिल्ली की टीम बड़े लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रही और पूरी तरह लड़खड़ा गई।

👤 Saurabh 21 May 2025 11:26 PM

MI VS DC: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2025) का 63वां मुकाबला आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 59 रन से हराकर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने शानदार बल्लेबाजी की और दिल्ली के सामने एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जवाब में दिल्ली की टीम दबाव में बिखर गई और पूरी टीम लक्ष्य से काफी पहले सिमट गई। मुंबई के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को टिकने नहीं दिया।

दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 181 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन उसकी शुरुआत बेहद खराब रही। सिर्फ 27 रन के स्कोर पर ही टीम ने अपने तीनों शीर्ष बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। ओपनर केएल राहुल केवल 11 रन बना सके, जबकि फाफ डु प्लेसिस और अभिषेक पोरेल दोनों ने 6-6 रन का योगदान दिया।

विपराज निगम और समीर रिजवी के बीच थोड़ी बहुत साझेदारी बनती दिख रही थी, लेकिन विपराज 20 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद 65 रन तक पहुंचते-पहुंचते दिल्ली की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। फिनिशर माने जाने वाले ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। समीर रिजवी ने एक छोर संभालते हुए दबाव में 39 रनों की अहम पारी खेली, मगर टीम को जीत दिलाने में असफल रहे।

दिल्ली की हालत इतनी खराब रही कि उसने 103 रन तक 5 विकेट खो दिए थे, लेकिन अगले 18 रन के भीतर ही बाकी सभी 5 विकेट भी गिर गए। पूरी टीम 121 रन पर सिमट गई और उसके 11 में से 7 बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच पाए।

मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी रही घातक

मुंबई के लिए मिचेल सैंटनर और जसप्रीत बुमराह ने कहर बरपाया। सैंटनर ने अपने 4 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि बुमराह ने 3.2 ओवर में महज 12 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इनके अलावा ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, विल जैक्स और कर्ण शर्मा ने भी एक-एक विकेट लेकर दिल्ली की कमर तोड़ दी।