IND vs NAM: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की कोशिश शुरू कर दी है. पिछली बार रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने यह सफलता हासिल की थी. इस बार टीम के नेतृत्व का जिम्मा सूर्यकुमार यादव के कंधों पर है. सफलता के लिए टीम के हर खिलाड़ी का योगदान जरूरी है, लेकिन सबसे ज्यादा निगाहें हार्दिक पंड्या पर टिक गई हैं. दो साल पहले भी हार्दिक के यादगार प्रदर्शन ने टीम को खिताब दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई थी और इस बार भी उनसे यही उम्मीद है.
टी20 वर्ल्ड कप का पहला मैच टीम इंडिया के लिए चुनौतीपूर्ण रहा. हार्दिक पंड्या बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावित नहीं कर पाए और सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुए. लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने अपनी पूरी क्षमता दिखा दी. नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ हार्दिक ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया और टीम को बड़ी जीत दिलाई.
हार्दिक ने बैटिंग में सिर्फ 28 गेंदों पर 52 रन की तेज पारी खेली. इसमें उन्होंने 4 छक्के और 4 चौके लगाए. इस पारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और नामीबिया पर दबाव बनाया.
हार्दिक ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया. शुरुआती तीन ओवरों में उन्हें विकेट नहीं मिला, लेकिन आखिरी ओवर में उन्होंने लगातार दो महत्वपूर्ण विकेट लिए. हालांकि हैट्रिक पूरी नहीं हो सकी, लेकिन उन्होंने केवल 21 रन देकर 2 विकेट झटके. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
हार्दिक पंड्या ने इस मैच में एक खास रिकॉर्ड की भी बराबरी की. टी20 वर्ल्ड कप में एक मैच में अर्धशतक और विकेट लेने का ये कमाल उन्होंने दूसरी बार किया. इससे पहले 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने 50 रन और 1 विकेट लिया था. इस तरह हार्दिक विराट कोहली के रिकॉर्ड के बराबर पहुंच गए. कोहली ने वर्ल्ड कप 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ 78 रन और 1 विकेट लिया था और 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन और 1 विकेट झटका था.
हार्दिक पंड्या की यह ऑलराउंड प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हो सकती है. अब सभी की नजरें अगले मैचों में उनके प्रदर्शन पर टिकी हुई हैं.