Logo

Punjab Flood Relief: CM भगवंत मान ने किसानों को मुफ्त मिलेगा 2 लाख क्विंटल गेहूं बीज

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए बड़ा राहत पैकेज घोषित किया है। हाल ही में आई बाढ़ से 5 लाख एकड़ फसल नष्ट हो गई और किसान अगली फसल के लिए बीज खरीदने की स्थिति में नहीं थे।

👤 Saurabh 25 Sep 2025 10:19 AM

Punjab Flood Relief: पंजाब के किसानों के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बड़ी राहत की घोषणा की है। हाल ही में आई भीषण बाढ़ से पंजाब के 2,300 गांव प्रभावित हुए और लगभग 5 लाख एकड़ में खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं। ऐसे में किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह थी कि वे अगली फसल के लिए बीज खरीदने की स्थिति में नहीं थे। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है।

मुख्यमंत्री मान ने ऐलान किया कि बाढ़ से प्रभावित किसानों को सरकार 2 लाख क्विंटल गेहूं का बीज मुफ्त में उपलब्ध कराएगी। इसकी कीमत करीब 74 करोड़ रुपये है और यह बीज आगामी रबी सीजन के लिए दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम किसानों को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके खेतों में नई शुरुआत देने की दिशा में उठाया गया है।

मान ने कहा कि पंजाब के मेहनतकश किसानों ने हमेशा देश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में अहम योगदान दिया है। इसलिए मुश्किल समय में राज्य सरकार का यह फर्ज है कि वह किसानों के साथ खड़ी रहे। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार किसानों की हर संभव मदद करेगी ताकि वे फिर से खेती कर सकें।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बाढ़ ने पंजाब को अभूतपूर्व नुकसान पहुंचाया है। अब तक करीब 20 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। इस आपदा में 56 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 7 लाख लोग बेघर हो गए हैं। बाढ़ से न केवल फसलें बल्कि 3,200 सरकारी स्कूल, 19 कॉलेज, 1,400 अस्पताल और क्लीनिक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा, लगभग 8,500 किलोमीटर सड़कें और 2,500 पुल भी ढह गए हैं।

सरकार का अनुमान है कि कुल नुकसान करीब 13,800 करोड़ रुपये का है, हालांकि असली आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है। मुख्यमंत्री ने किसानों और आम लोगों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार उनके कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उन्हें हर संभव राहत देने का काम जारी रहेगा।