आईपीएल 2026 से पहले मुंबई इंडियंस के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप जॉइन कर लिया है। मुंबई में चल रहे इस कैंप से उनकी प्रैक्टिस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
ट्रेनिंग कैंप के दौरान रोहित शर्मा अपने पुराने अंदाज में नजर आए। वह नेट्स में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पुल शॉट और बड़े-बड़े शॉट्स की जमकर प्रैक्टिस कर रहे थे। सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, रोहित ने फिटनेस पर भी खास ध्यान दिया। उन्होंने एगिलिटी और मूवमेंट ड्रिल्स में हिस्सा लिया, जिससे यह साफ हो गया कि इस बार वह पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने वाले हैं।
उनका यह अंदाज फैंस के बीच नई उम्मीद जगा रहा है। इस ट्रेनिंग कैंप का संचालन हेड कोच महेला जयवर्धने की निगरानी में किया जा रहा है।
मुंबई इंडियंस के इस कैंप में पहले बैच के तहत कई खिलाड़ी शामिल हुए हैं। इनमें शार्दुल ठाकुर, मयंक मारकंडे, अल्लाह गजनफर, नमन धीर, राजा अंगद बावा, रॉबिन मिंज और अन्य युवा खिलाड़ी शामिल हैं। बाकी खिलाड़ी भी आने वाले दिनों में कैंप से जुड़ेंगे, जिससे टीम की तैयारियां और तेज हो जाएंगी। आईपीएल 2025 में रोहित शर्मा ने अहम भूमिका निभाई थी। कप्तानी छोड़ने के बाद उन्होंने हार्दिक पांड्या की अगुवाई में खेलते हुए टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने में मदद की। उन्होंने 15 मैचों में 418 रन बनाए और सीजन के दौरान आईपीएल में 6000 रन पूरे करने का बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
अब सभी की नजर आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले पर है, जहां मुंबई इंडियंस का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। यह मैच 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। रोहित शर्मा के इस शानदार फॉर्म को देखकर फैंस को उम्मीद है कि वह इस सीजन में भी दमदार प्रदर्शन करेंगे और अपनी टीम को खिताब की दौड़ में मजबूती देंगे।