Logo

रिलीज से पहले ही ‘धुरंधर 2’ का तूफान! एडवांस बुकिंग ने मचाया धमाल, पहले दिन 200 करोड़ का टारगेट

Ranveer Singh Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की मच अवेटेड स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर 2 द रिवेंज’ रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि 18 मार्च को इसके प्रीमियर शो आयोजित किए जाएंगे।

👤 Ashwani Kumar 14 Mar 2026 10:56 AM

Dhurandhar 2: The Revenge इन दिनों काफी चर्चा में है। रणवीर सिंह की इस स्पाई थ्रिलर फिल्म का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जबकि इसके प्रीमियर शो 18 मार्च को आयोजित किए जाएंगे। रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर ऐसा माहौल बन चुका है कि टिकटों की एडवांस बुकिंग तेज़ी से हो रही है। दर्शकों की बढ़ती दिलचस्पी को देखकर माना जा रहा है कि यह फिल्म ओपनिंग डे पर बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है।

एडवांस बुकिंग में ही दिखा दम

ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की एडवांस बुकिंग ने शुरुआती चरण में ही शानदार प्रदर्शन किया है। मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक, दुनियाभर में फिल्म के ओपनिंग डे के लिए एडवांस टिकट बिक्री लगभग 50 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन के करीब पहुंच चुकी है। खास बात यह है कि अभी भारत में फिल्म की फुल-फ्लेज्ड बुकिंग पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है।

भारत में प्रीमियर शो से बड़ी कमाई की उम्मीद

ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि फिल्म के पेड प्रीमियर शो से ही भारत में 35 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई हो सकती है। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहले से ही मजबूत प्री-सेल्स के कारण प्रीमियर के जरिए दुनिया भर में लगभग 50 करोड़ रुपये तक का कलेक्शन होने की संभावना जताई जा रही है। अगर पहले पूरे दिन की कमाई की बात करें तो भारत में फिल्म लगभग 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर सकती है।

इस तरह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन कुल कमाई 150 करोड़ रुपये के आसपास पहुंचने की उम्मीद है, जो किसी भी हिंदी फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी।

इंटरनेशनल मार्केट से भी मिल सकता है बड़ा सपोर्ट

विदेशी बाजार में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। खासकर नॉर्थ अमेरिका में टिकटों की प्री-सेल्स काफी तेज़ हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि इंटरनेशनल मार्केट से ओपनिंग डे पर करीब 50 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा की कमाई हो सकती है।

अगर ये आंकड़े सही साबित होते हैं तो फिल्म का कुल वैश्विक कलेक्शन पहले ही दिन लगभग 200 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। ऐसा होने पर यह हिंदी सिनेमा की पहली फिल्म बन सकती है जो ओपनिंग डे पर ही इस ऐतिहासिक आंकड़े को पार करे।

बॉक्स ऑफिस पर बन सकता है नया रिकॉर्ड

फिल्म की प्री-सेल्स को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स को देखते हुए ट्रेड पंडितों को उम्मीद है कि यह फिल्म रिलीज के साथ ही बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है। फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर इसे किसी बड़े हिंदी फिल्म से कड़ी टक्कर भी नहीं मिल रही है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में उस्ताद भगत सिंह का असर देखने को मिल सकता है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या यह फिल्म रिलीज के पहले ही दिन 200 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा छूकर बॉलीवुड में नया इतिहास रच पाएगी या नहीं।