IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को बड़ा झटका लगा है। टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी शुरुआती मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया है कि धोनी पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव (Calf Strain) से जूझ रहे हैं और फिलहाल रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। इसी वजह से वह कम से कम दो हफ्तों तक मैदान से दूर रहेंगे।
CSK का पहला मुकाबला 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेला जाएगा, लेकिन इस मैच में धोनी की गैरमौजूदगी तय मानी जा रही है। अगले दो हफ्तों में चेन्नई सुपर किंग्स को कुल चार अहम मुकाबले खेलने हैं, जिनमें पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं। इन मैचों में धोनी का अनुभव टीम को काफी याद आएगा।
टीम के बयान के अनुसार, धोनी की वापसी करीब दो हफ्ते बाद संभव है। ऐसे में 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में उनका खेलना अभी भी अनिश्चित है। हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि वह 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से मैदान पर वापसी कर सकते हैं। एमएस धोनी सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि CSK की पहचान हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को 5 बार आईपीएल खिताब जिताया है। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी टीम के संतुलन पर असर डाल सकती है।
44 साल के धोनी के लिए IPL 2026 को उनके करियर का आखिरी सीजन माना जा रहा है। उन्होंने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन आईपीएल में लगातार खेलते रहे हैं। फैंस के लिए यह सीजन इसलिए भी खास है क्योंकि वे धोनी को आखिरी बार मैदान पर खेलते हुए देख सकते हैं।
CSK के लिए IPL 2026 की शुरुआत थोड़ी मुश्किल भरी हो सकती है, क्योंकि टीम को अपने सबसे बड़े मैच विनर के बिना खेलना पड़ेगा। अब सभी की नजरें धोनी की फिटनेस और उनकी वापसी पर टिकी हैं।