IPL Schedule 2026: क्रिकेट फैंस के लिए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है। टूर्नामेंट के पहले चरण का शेड्यूल पहले ही जारी किया जा चुका है, जिसमें शुरुआती 20 मुकाबलों की तारीखों का ऐलान किया गया है। अब सभी की नजर दूसरे चरण के कार्यक्रम पर टिकी हुई है। इस बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने शेड्यूल को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आईपीएल के दूसरे फेज का कार्यक्रम भी सामने आ जाएगा।
दरअसल इस साल देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव आयोग द्वारा हाल ही में पांच राज्यों में मतदान की तारीखों का ऐलान किया गया है। इन्हीं चुनावों को ध्यान में रखते हुए आईपीएल का शेड्यूल दो चरणों में जारी करने की योजना बनाई गई है। पहले चरण का शेड्यूल 11 मार्च को जारी किया गया था, जिसमें शुरुआती मुकाबलों की जानकारी दी गई।
इस बार जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, उनमें कुछ ऐसे भी हैं जहां आईपीएल के मैच आयोजित किए जाते हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम शामिल हैं। पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित ईडन गार्डन स्टेडियम और तमिलनाडु के चेन्नई में एम. चिदंबरम स्टेडियम आईपीएल के प्रमुख मैदानों में गिने जाते हैं। इसके अलावा असम के गुवाहाटी में भी कुछ मुकाबले खेले जाते हैं। चुनावी कार्यक्रम को देखते हुए इन जगहों पर मैचों की तारीखों को सावधानी से तय किया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होगा और परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। वहीं पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान 23 और 29 अप्रैल को होगा। इसी वजह से सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए आईपीएल का पूरा शेड्यूल एक साथ जारी नहीं किया गया।
अब चुनाव की तारीखें सामने आने के बाद माना जा रहा है कि टूर्नामेंट के दूसरे चरण का कार्यक्रम जल्द घोषित किया जाएगा, जिसका इंतजार क्रिकेट प्रेमी बेसब्री से कर रहे हैं।