IPL Points Table: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच अपने पूरे शबाब पर है। पहले तीन मैचों में विराट कोहली, रोहित शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे सितारों ने अपनी धाकड़ पारियों से फैंस का दिल जीता। इन खिलाड़ियों ने न सिर्फ शानदार रन बनाए, बल्कि अपनी टीम को जीत दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई। खासकर राजस्थान रॉयल्स के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक पारी से टीम को जीत दिलाने के साथ-साथ अंक तालिका में पहला स्थान भी दिलाया।
तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। नांद्रे बर्गर, जोफ्रा आर्चर और रवींद्र जडेजा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत CSK को केवल 127 रन पर ही समेटा गया। इसके बाद 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए राजस्थान को केवल 12.1 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य तक पहुंचाया।
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने 2 अंक हासिल कर अपनी जगह पक्की की। आरसीबी और मुंबई इंडियंस के भी पहले मैच में 2-2 अंक हैं, लेकिन राजस्थान की तेज रन रेट (NRR 4.171) ने उन्हें सीधे पहले स्थान पर ला दिया। आरसीबी अब 2.907 NRR के साथ दूसरे और मुंबई इंडियंस 0.687 NRR के साथ तीसरे स्थान पर हैं। राजस्थान की यह जीत प्वाइंट टेबल में बड़ा झटका साबित हुई, क्योंकि उन्होंने सिर्फ जीत ही नहीं हासिल की बल्कि नेट रन रेट में भी भारी बढ़त बनाई।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह हार बहुत महंगी साबित हुई। सिर्फ मैच हारना ही नहीं, बल्कि उनका नेट रन रेट सीधे -4.171 हो गया है, जो सीजन के दौरान सुधारना चुनौतीपूर्ण होगा। फिलहाल CSK छठे स्थान पर है, लेकिन अन्य टीमों के मैचों के बाद संभावना है कि वे सीधे अंतिम पायदान तक पहुंच जाएँ। इस हार ने चेन्नई की शुरुआत को काफी कमजोर कर दिया है।
इस तरह IPL 2026 की शुरुआती झलक में राजस्थान रॉयल्स ने अपने दमदार प्रदर्शन से सभी टीमों को चेतावनी दे दी है और अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया है।